एशिया कप के लिए दुबई पहुंची टीम इंडिया: गंभीर, सूर्या और पंड्या एयरपोर्ट पर दिखे; आज ICC एकेडमी में पहला प्रैक्टिस सेशन
Published:
2 min read

एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम दुबई पहुंच गई है। हेड कोच गौतम गंभीर भी टीम के साथ रहे। आज (5 सितंबर) भारतीय टीम ICC एकेडमी में पहला प्रैक्टिस सेशन रहेगा। इस बैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या भी रहे।
यह तीनों मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट हुए। कोच गंभीर ब्लैक टीशर्ट और ब्लू जींस पहनी पहने दिखे। उन्होंने दुबई एयरपोर्ट पर भी फोटो खिंचवाने के लिए पोज दिए।
अलग-अलग समय पर दुबई पहुंचे भारतीय प्लेयर्स
इनके अलावा रिंकू सिंह, अभिषेक शर्मा, हर्षित राणा और कुलदीप याद भी दुबई पहुंच गए हैं। इस बार सभी भारतीय प्लेयर्स ने अपने-अपने शहर से दुबई के लिए उड़ान भरी है। इस कारण सभी अलग-अलग समय पर दुबई पहुंच रहे हैं। इससे पहले भारतीय प्लेयर्स मुंबई में इकट्ठा होते थे। फिर यहां से एक साथ उड़ान भरते थे। इस बार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने प्लेयर्स की सहूलियत के लिए अलग-अलग शहर से रवाना होने का फैसला लिया है।
अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा बेंगलुरु में दिलीप ट्रॉफी का मैच खेल रहे थे। कुलदीप यादव भी एक मैच के लिए यहीं पर थे। ऐसे में तीनों ने बेंगलुरु से ही दुबई की फ्लाइट ली। उपकप्तान शुभमन गिल समेत सभी प्लेयर्स 4 सितंबर की शाम को ही दुबई पहुंच गए हैं।
हालांकि यह क्लियर नहीं है कि स्टैंडबाई प्लेयर्स यशस्वी जायसवाल, प्रसिद्ध कृष्णा, वॉशिंगटन सुंदर, रियान पराग और ध्रुव जुरेल दुबई पहुंचेंगे या नहीं। इससे पहले सूत्रों के हवाले से पता चला था कि यह पांचों प्लेयर्स भारत में ही रहेंगे। जरूरत पड़ने पर इन्हें दुबई बुलाया जाएगा।
14 सितंबर को इंडिया Vs पाकिस्तान मैच
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

