भारत के साथ क्रिकेट रिलेशन बेहतर करना चाहता हूं: तमीम इकबाल बोले- वर्ल्ड कप छोड़ना गलत फैसला था, हमारे प्लेयर्स के साथ गलत हुआ
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और मौजूदा BCB अंतरिम अध्यक्ष तमीम इकबाल ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से हटने के फैसले पर नाराजगी जताई है। इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि बिना बातचीत के इतने बड़े टूर्नामेंट से नाम वापस लेना प्लेयर्स के साथ अन्याय था।
तमीम ने कहा कि पिछली सरकार और बोर्ड ने इस पूरे मामले को सही तरीके से नहीं संभाला। भारत और BCCI के साथ अब उनका कोई विवाद नहीं है।
मिथुन मन्हास पुराने दोस्त- तमीम
तमीम इकबाल ने BCCI प्रेसिडेंट मिथुन मन्हास के साथ अपने रिश्ते को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा-हमने साथ में काफी क्रिकेट खेला है। IPL में भी एक ही टीम का हिस्सा रहे हैं। मन्हास कई बार ढाका लीग खेलने बांग्लादेश आ चुके हैं। दोनों के बीच अच्छा रिश्ता है। मैं भारत के साथ क्रिकेट रिलेशन बेहतर करना चाहता।

वर्ल्ड कप छोड़ना गलत फैसला था
तमीम ने कहा - बांग्लादेश ने 1996-97 में वर्ल्ड कप खेलने के लिए काफी संघर्ष किया था। ऐसे में बिना ठोस वजह के वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से हटना सही फैसला नहीं था। टीम में कई ऐसे प्लेयर्स होंगे जिन्हें दोबारा वर्ल्ड कप खेलने का मौका शायद कभी न मिले। भारत में सुरक्षा को लेकर कोई बड़ा खतरा नहीं था। बांग्लादेशी प्लेयर्स का हमेशा अच्छा वेलकम हुआ है।
1300 करोड़ रुपए प्लेयर्स पर खर्च होंगे
तमीम ने कहा - BCB के पास करीब 1300 करोड़ रुपए हैं। मैं इससे इंफ्रास्ट्रक्चर और प्लेयर्स की सुविधाएं बेहतर करने में लगाना चाहता हूं। मुझे बोर्ड इलेक्शन कराने के लिए 90 दिन मिले हैं। 60 दिन के अंदर प्रोसेस पूरी करना चाहता हूं।

पुराने बोर्ड पर सवाल
उन्होंने कहा - पिछली बोर्ड की खराब काम के कारण ढाका की कई लोकल टीमों ने खेलने से मना कर दिया था। प्लेयर्स को समय पर पेमेंट भी नहीं मिल रही थी। सिर्फ क्रिकेट की जानकारी से बोर्ड नहीं चल सकता। मार्केटिंग, फाइनेंस और ब्रांडिंग समझने वाले लोगों की भी जरूरत होती है।
फिक्सिंग पर 10 साल जेल की मांग
तमीम इकबाल ने क्रिकेट में भ्रष्टाचार और सट्टेबाजी पर सख्त कानून की मांग की। उन्होंने कहा - अगर कोई प्लेयर्स फिक्सिंग और बेटिंग में शामिल होता है तो उसके लिए 10 साल जेल का कानून होना चाहिए। सिर्फ बैन लगाना काफी नहीं है।


