टी20 वर्ल्ड कप से क्यों बाहर हुए ये 8 प्लेयर: गिल-पंत के साथ क्या दिक्कत, जितेश-यशस्वी क्यों बाहर, टीम एनालिसिस
Published:
5 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। इस 15 सदस्यीय स्क्वॉड में चोटिल शुभमन गिल और जितेश शर्मा समेत 8 खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है।
इनमें मिडिल ऑर्डर बैटर श्रेयस अय्यर, विकेटकीपर ऋषभ पंत, पेसर मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, ओपनर यशस्वी जायसवाल और स्पिनर रवि बिश्नोई भी शामिल हैं। आखिर इन सभी को क्यों जगह नहीं मिल सकी, आइए जानते हैं…
शुभमन गिल
गिल पैर में चोट के कारण टीम से बाहर हुए हैं। हालांकि असली वजह उनकी खराब फॉर्म भी है। भारतीय बोर्ड वर्ल्ड कप को लेकर किसी भी तरह का रिस्क लेने के मूड में नहीं है। जबकि संजू सैमसन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद टी20 में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींचा था।
गिल इस समय टी20 इंटरनेशनल में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। उन्होंने आखिरी फिफ्टी 13 जुलाई 2024 को जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे मैच में लगाई थी। इसके बाद से गिल ने 18 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें एक भी फिफ्टी नहीं लगा सके। इस दौरान गिल ने 25.3 के एवरेज से 377 रन बनाए हैं।
ऋषभ पंत
भारतीय टीम ने पिछला टी20 वर्ल्ड कप 2024 अपने नाम किया था। तब ऋषभ पंत ही विकेटकीपर थे, लेकिन इस बार उन्हें स्क्वॉड में जगह नहीं मिली। पंत ने इस साल भारतीय टीम के लिए एक भी टी20 मैच नहीं खेला है। पंत का पूरा फोकस टेस्ट क्रिकेट पर है। ऐसे में भारतीय बोर्ड टी20 में सिलेक्शन के लिए पंत के नाम पर विचार नहीं कर रहा है।
श्रेयस अय्यर
यह मिडिल ऑर्डर बैटर इस समय चोट के कारण टीम से बाहर है। हालांकि इन्होंने पहले ही ऐलान कर दिया था कि वे टेस्ट से कुछ समय के लिए ब्रेक ले रहे हैं। जबकि टी20 फॉर्मेट में सिलेक्टर्स श्रेयस पर विचार ही नहीं कर रहे हैं। श्रेयस ने भारतीय टीम के लिए आखिरी टी20 मैच 3 दिसंबर 2023 को खेला था। ऐसे में टीम सिलेक्शन के दौरान उनके नाम पर विचार नहीं हुआ।
जितेश शर्मा
यह विकेटकीपर बैटर भारतीय टीम के साथ पिछली सीरीज तक बना हुआ था। BCCI ने जितेश को बाहर कर सभी को चौंकाया है, क्योंकि जितेश की जगह पक्की मानी जा रही थी। जितेश के बाहर होने का एक कारण ये भी है कि शुभमन गिल टीम से बाहर हैं।
ऐसे में टीम में दूसरा बैकअप ओपनर चाहिए था। BCCI ने जितेश की जगह विकेटकीपर ईशान किशन को चुनकर यह प्रोब्लम दूर कर दी। साथ ही रिंकू सिंह के रूप में फिनिशर भी टीम में शामिल कर लिया। यही वजह रही कि जितेश को मौका नहीं दिया गया।
वैसे जितेश फॉर्म में भी नहीं हैं। उन्होंने 10 टी20 पारी में एक भी फिफ्टी नहीं लगाई है। इस दौरान उनका हाइएस्ट स्कोर 41 रन ही रहा है। जो उन्होंने बड़ौदा के लिए घरेलू क्रिकेट में हिमाचल के खिलाफ बनाया था।
यशस्वी जायसवाल
BCCI ओपनर यशस्वी को टेस्ट और वनडे में तो लगातार मौके दे रहा है। इसमें वे अच्छा प्रदर्शन भी कर रहे हैं, लेकिन टी20 टीम में सिलेक्शन के लिए वे सिलेक्टर्स का ध्यान नहीं खींच पा रहे हैं। यशस्वी ने आखिरी T20I मैच 30 जुलाई 2024 को खेला था।
मोहम्मद सिराज
पंत की तरह सिराज भी पिछली टी20 वर्ल्ड कप विनर टीम का हिस्सा थे। उन्हें कुछ मैचों में खेलने का मौका मिला था। सिराज ने टीम इंडिया के लिए आखिरी टी20 मैच 30 जुलाई 2024 को खेला था। इसके बाद से ही BCCI ने उन्हें टी20 टीम में मौका नहीं दिया।
मोहम्मद शमी
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 2 फरवरी 2025 को भारतीय टीम के लिए आखिरी टी20 मैच खेला था। वे चोट के कारण टीम से बाहर हुए थे, लेकिन BCCI अब तक उन्हें फिट नहीं मान रहा है। जबकि शमी घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने एक बयान में कहा था कि शमी पूरी तरह फिट नहीं हैं। यही वजह है कि शमी को वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिली। दूसरी ओर शमी ने कहा था कि उनसे किसी तरह का कम्यूनिकेशन नहीं किया जा रहा है। साथ ही फिटनेस के बारे में भी पूछा नहीं जा रहा है।
रवि बिश्नोई
भारतीय टीम के लिए 42 टी20 मैच खेलने वाले स्पिनर रवि बिश्नोई भी वर्ल्ड कप टीम से बाहर हैं। उन्होंने आखिरी T20I दो फरवरी 2025 को इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े में खेला था। फिलहाल, भारतीय टीम में कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती के रूप में प्रमुख स्पिनर हैं।
साथ ही अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर के रूप में दो शानदार स्पिन ऑलराउंडर भी हैं, जो बैटिंग में भी टीम को ताकत देते हैं। यही बड़ी वजह भी है कि रवि की जगह नहीं बन पा रही है।

