टी20 वर्ल्ड कप फाइनल अहमदाबाद में होगा: पाकिस्तान के लिए कोलंबो में शिफ्ट होगा, सेमीफाइनल के वेन्यू भी तय
Published: Updated:
3 min read

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सभी मुकाबले 8 वेन्यू पर होंगे। इसमें इंडिया के 5 और श्रीलंका के 3 वेन्यू रहेंगे। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। इसका फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। रिपोर्ट्स की मानें तो फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होगा। यदि पाकिस्तानी टीम फाइनल में पहुंचती है तो यह खिताबी मुकाबला कोलंबो शिफ्ट होगा।
एक सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, यदि पाकिस्तान टीम क्वालिफाई करती है, तो दूसरा सेमीफाइनल कोलंबो में खेला जाएगा। श्रीलंका ने भी अपना सेमीफाइनल कोलंबो में खेलने की इच्छा जताई है।
टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच भी अहमदाबाद में होगा। 2023 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल भी अहमदाबाद में ही खेला गया था।
वॉर्मअप मैच बेंगलुरु में हो सकते हैं
दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सभी मुकाबले 8 वेन्यू पर होंगे। इसमें इंडिया के 5 और श्रीलंका के 3 वेन्यू रहेंगे। भारत में वर्ल्ड कप के सभी मैच मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता और अहमदाबाद में होंगे। जबकि श्रीलंका में होने वाले मैच कोलंबो और पल्लेकेले के अलावा दाम्बुला/हम्बनटोटा में होंगे। तीसरा वेन्यू दाम्बुला और हम्बनटोटा में से कोई एक होगा।
वॉर्मअप मुकाबले कहां होंगे, अभी यह क्लियर नहीं है। रिपोर्ट्स की मानें तो यह मैच बेंगलुरु में हो सकते हैं। यहां यह मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम या फिर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के ग्राउंड में खेले जा सकते हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) जल्द ही टूर्नामेंट का फुल शेड्यूल जारी करेगा।
कैसा होगा वर्ल्ड कप 2026 का फॉर्मेट?
2026 वर्ल्ड कप भी उसी फॉर्मेट में होगा जिस फॉर्मेट में 2024 का वर्ल्ड कप हुआ। 20 टीमों को चार ग्रुप में बांटा जाएगा। हर ग्रुप की टॉप 2 टीमें सुपर-8 राउंड में खेलेगी। इसके बाद दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।
4 बड़े इवेंट होस्ट करेगी BCCI
2026 की शुरुआत BCCI के लिए बहुत व्यस्त रहने वाली है। जनवरी-फरवरी में विमिंस प्रीमियर लीग (WPL) होगी। इसी समय टीम इंडिया 11 से 31 जनवरी तक न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI और टी20 सीरीज खेलेगी। इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन होगा। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन 15 मार्च से 31 मई तक कराने का प्लान है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ये 20 टीमें खेलेंगी
भारत, श्रीलंका, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, अमेरिका, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, आयरलैंड, कनाडा, नीदरलैंड्स, इटली, नामीबिया, जिम्बाब्वे, नेपाल, ओमान और UAE शामिल हैं।

