सिडनी आतंकी हमले में बचा दिग्गज क्रिकेटर: रेस्टोरेंट में छिपकर बचाई जान, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने खुद जानकारी दी
Published: Updated:
3 min read

माइकल वॉन कहा कि जब उन्होंने आतंकी हमले के बारे में सुना तो रेस्टोरेंट में छिपकर अपनी जान बचाई। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया के सिडनी बोंडी बीच पर रविवार (14 दिसंबर) को आतंकी हमला हुआ। दो हमलावरों ने निहत्थे लोगों पर फायरिंग की, जिसमें 16 की मौत हुई और 40 से ज्यादा घायल हैं। यहां यहूदी समुदाय के लोग हनुक्का त्योहार मनाने के लिए जुटे थे। इसी दौरान इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन भी यहां मौजूद थे, जो हमले में बाल-बाल बचे।
माइकल वॉन ने खुद यह जानकारी सोशल मीडिया के जरिए शेयर की है। दरअसल, इंग्लैंड टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच 5 टेस्ट की एशेज सीरीज खेली जा रही है। माइकल वॉन भी बतौर कमेंटेटर इसी टूर का हिस्सा हैं।
पूर्व इंग्लिश कप्तान ने पोस्ट शेयर की
वॉन कहा कि जब उन्होंने आतंकी हमले के बारे में सुना तो रेस्टोरेंट में छिपकर अपनी जान बचाई। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा- खुद को बॉन्डी के एक रेस्टोरेंट में लॉक करना एक डरावना अनुभव था। अब सुरक्षित हूं... लेकिन इमरजेंसी सर्विसेज और उस व्यक्ति का बहुत-बहुत धन्यवाद, जिन्होंने आतंकियों का सामना किया और पकड़ा।
PM मोदी ने कहा- हम ऑस्ट्रेलिया के साथ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा- ऑस्ट्रेलिया के बीच पर हनुक्का फेस्टिवल के पहले दिन जश्न मना रहे लोगों को निशाना बनाकर किए गए आतंकी हमले की हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।
भारत की जनता की ओर से इस हमले में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। इस दुख की घड़ी में भारत, ऑस्ट्रेलिया की जनता के साथ एकजुटता से खड़ा है। भारत आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर अडिग है और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई का सपोर्ट करता है।
क्या हुआ था 14 दिसंबर को
हनुक्का यहूदियों का प्रमुख धार्मिक त्योहार है, जिसे फेस्टिवल ऑफ लाइट कहा जाता है। यह त्योहार नवंबर और दिसंबर के बीच 8 दिनों तक मनाया जाता है। हिब्रू कैलेंडर के अनुसार किसलेव महीने में आता है। 14 दिसंबर को त्योहार का पहला दिन था। हजारों लोग ऑस्ट्रेलिया के सिडनी बोंडी बीच पर यह त्योहार मनाने के लिए जुटे थे।
इसी दौरान 2 शूटर्स ने निहत्थे लोगों पर फायरिंग कर दी। इस आतंकी हमले में अब तक 16 लोगों की मौत हुई है। न्यू साउथ वेल्स पुलिस कमिश्नर मेल लानयोन ने कहा- शूटर्स की पहचान 50 साल के साजिद अकरम और 24 साल के नावेद अकरम के तौर पर हुई है। साजिद की मौत हो गई है जबकि नावेद का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के मुताबिक, हमलावर पाकिस्तानी नागरिक हैं।

