जहरीले सांपों के बीच ट्रेनिंग कर रही स्विट्जरलैंड टीम: प्लेयर्स-स्टाफ के लिए सेफ्टी गाइडलाइन्स; 11 जून से FIFA वर्ल्ड कप
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. FIFA वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 11 जून को होगा। जबकि फाइनल 19 जुलाई को खेला जाएगा। इस बार वर्ल्ड कप अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में हो रहा है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले स्विट्जरलैंड फुटबॉल टीम के कैम्प से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। इस टीम का ट्रेनिंग कैम्प जहरीले सांपों के खतरे वाले रेड जोन एरिया में लगा है। सेफ्टी के लिए प्लेयर्स और स्टाफ को गाइडलाइन्स भी दी गई हैं।
दरअसल, टीम ने अपना ट्रेनिंग कैम्प कैलिफोर्निया के शहर सैन डिएगो में Jewish Academy को चुना है। उन्हें बाद में पता चला कि यह एकेडमी जहरीले सांपों को लेकर घोषित किए गए रेड अलर्ट जोन में है।

झाड़ियों के पास जाना मना है
स्विट्जरलैंड टीम के प्लेयर्स और स्टाफ को सेफ्टी गाइडलाइन्स दी गई हैं। साथ ही इमरजेंसी वाइल्डलाइफ रिस्पांस प्रोटोकॉल भी बताए गए हैं। सभी को बताया गया है कि यदि कोई सांप पिच पर आ जाए तो क्या करना है। इसके अलावा किसी को भी झाड़ियों के पास जाने से मना किया गया है। ट्रेनिंग ग्राउंड को कंटीली झाड़ियों से कवर्ड किया गया है।
वाइल्डलाइफ अधिकारियों के मुताबिक, गर्मी और उमस के मौसम में कई सांप बाहर निकलकर शहर की ओर या खुले घास के मैदानों में आ जाते हैं। ऐसे में प्लेयर्स और स्टाफ को सेफ्टी गाइडलाइन्स दी हैं। इससे पहले यहां नॉर्वे की टीम ने ट्रेनिंग कैम्प लगाया था। उन्हें भी रेड अलर्ट मिला था।
एकेडमी के दो फोटो शेयर किए
स्विट्जरलैंड टीम के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट से एकेडमी के दो फोटो शेयर किए गए हैं। इसमें एकेडमी का नक्शा बताया गया है। इसमें एक तरफ पिच, जिम और चेंजिंग रूम समेत बाकी सभी सुविधाएं दिखाई गई हैं। जबकि दूसरे नक्शे में एकेडमी के बाहर की ओर पूरा रेड कलर में दिखाया गया। इसमें स्नैक एरिया लिखा दिखाया।

स्विट्जरलैंड फुटबॉल एसोसिएशन ने कहा कि वे टीम और स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए हैं। साथ ही ट्रेनिंग कैम्प के लिए पास में कहीं दूसरी जगह भी तलाश रहे हैं। एसोसिएशन ने क्लियर किया है कि यदि प्लेयर्स और स्टाफ की सुरक्षा की पूरी गारंटी नहीं है तो वहां रहना सही नहीं है। यही वजह है कि दूसरी एकेडमी तलाश रहे हैं।
13 जून को टीम का पहला मैच
स्विट्जरलैंड को ग्रुप-बी में रखा गया है। इसमें कतर, कनाडा और बोस्निया एंड हर्जेगोविना टीम हैं। स्विट्जरलैंड को अपना पहला मैच 13 जून को कतर से खेलना है।

