सूर्यकुमार यादव ने चोट की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी: बोले- क्रिकेट समझने वाले ऐसी बातें नहीं करते; इस IPL में 13 पारी में 270 रन बनाए
Published:
3 min read

सूर्यकुमार यादव ने IPL 2026 13 पारियों में सिर्फ 270 रन बनाए।(फोटो क्रेडिट IPL)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के T20 टीम के कप्तान ने अपनी कलाई की चोट को लेकर चल रही अफवाहों पर खुलकर जवाब दिया है। पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया और क्रिकेट में चर्चा थी कि सूर्यकुमार की खराब फॉर्म के पीछे उनकी कलाई की चोट है। अब खुद सूर्यकुमार ने इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया है।
IPL के दौरान उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, जिसके बाद उनकी फिटनेस और टीम इंडिया में जगह को लेकर सवाल उठने लगे। लेकिन, सूर्यकुमार ने साफ कहा कि अगर उनकी कलाई में सच में दिक्कत होती, तो वो मैदान पर वैसे शॉट्स कभी नहीं खेल पाते जिनके लिए वो जाने जाते हैं।
मैं ऐसे शाॅट नहीं खेल पाता
स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में सूर्यकुमार ने कहा-लोग उनकी चोट की बातें कर रहे हैं, या तो वो फिजियो हैं या फिर उन्हें क्रिकेट की समझ नहीं है। मेरे कई शॉट्स पूरी तरह कलाई और हाथों के तालमेल पर आधारित होते हैं। अगर कलाई में परेशानी होती तो खासकर फ्लिक शॉट खेलना नामुमकिन होता है। मैं बेवजह की बातों पर ध्यान नहीं देता।बाहर लोग क्या बोल रहे हैं, ये मेरे कंट्रोल में नहीं है, इसलिए मैं सिर्फ अपने खेल और मेहनत पर फोकस करता हूं।
सूर्यकुमार ने अपने हालिया प्रदर्शन पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा- साल की शुरुआत में मैंने काफी मेहनत की थी और न्यूजीलैंड सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज भी बना था। इसके बाद वर्ल्ड कप में भी अच्छा खेल दिखाया। हालांकि IPL में मेरा बैट नहीं चला। सूर्यकुमार ने आगे कहा- क्रिकेट में हर बार रन बनेंगे इसकी गारंटी नहीं होती, लेकिन मेहनत करना खिलाड़ी के हाथ में जरूर होता है। अगर सफलता मिले तो अच्छी बात है, नहीं मिले तो दोबारा मेहनत करके वापसी करनी चाहिए। मेहनत का फल देर-सवेर जरूर मिलता है।

गौतम गंभीर ने साथ दिया
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक-सिलेक्शन कमेटी के कुछ सदस्य सूर्यकुमार को सिर्फ बल्लेबाजी के आधार पर लंबे समय तक टीम में रखने को लेकर पूरी तरह मना कर रहे है। हालांकि, टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर अब भी उनका समर्थन कर रहे हैं। इसी बीच टीम इंडिया की T20 कप्तानी को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल को इंडिया के कप्तान के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं संजू सैमसन और ईशान किशान जैसे खिलाड़ियों के नाम भी टीम के नए टॉप ऑर्डर कॉम्बिनेशन में चर्चा में हैं।

13 पारी में 270 रन बनाए
दरअसल, इस IPL सीजन में सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन काफी खराब रहा। उन्होंने 13 पारियों में सिर्फ 270 रन बनाए। उनका औसत 18 से भी कम रहा, हालांकि स्ट्राइक रेट करीब 148 का था।

