मैंने डरना छोड़ दिया है: सूर्या ने कप्तानी के खतरे के सवाल पर कहा- गिल और मैं बेहतरीन दोस्त हैं
Published: Updated:
3 min read

सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप 2025 से 2-3 हफ्ते पहले ही मोबाइल फोन से सारे एप्प हटा दिए थे। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. टेस्ट और वनडे की कप्तानी मिलने के बाद शुभमन गिल को टी20 फॉर्मेट का भी अगला कप्तान माना जा रहा है। फिलहाल, सूर्यकुमार यादव कमान संभाल रहे हैं। रिपोर्ट्स में दावा है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद सूर्या की जगह गिल को टी20 टीम की भी कप्तानी सौंपी जा सकती है। सूर्या ने इसी सवाल के जवाब में कहा कि उन्होंने बहुत पहले ही डरना छोड़ दिया है।
सूर्या ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि वे बस कड़ी मेहनत पर विश्वास करते हैं। उन्होंने बताया कि गिल और उनके बीच अच्छी बॉन्डिंग है। सूर्या ने अपनी कप्तानी में इसी साल सितंबर में एशिया कप 2025 जिताया था।
‘मैं जानता हूं कि गिल किस तरह का प्लेयर है’
जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सिलेक्शन कमेंटी ने गिल को टेस्ट और वनडे की कप्तानी दी थी, उसी समय क्लियर कर दिया था कि वे तीनों फॉर्मेट में एक ही कप्तान रखना चाहते हैं। तभी यह भी स्पष्ट हो गया था कि आज नहीं तो कल सूर्या की कप्तानी जाना तय है।
कप्तानी के खतरे को लेकर सूर्या ने कहा- यह आपको बेहतर परफॉर्म करने के लिए मोटिवेट करता है। मैदान के बाहर और अंदर हम दोनों बेहतरीन दोस्त हैं। मैं जानता हूं कि वह किस तरह का प्लेयर और व्यक्ति है। यह मुझे बेहतर करने के लिए मदद करता है। मैंने बहुत पहले ही डरना छोड़ दिया है। मैं मानता हूं कि यदि फॉलो करने वाली हर एक चीज को फॉलो कर रहा हूं और कड़ी मेहनत कर रहा हूं तो सबकुछ ठीक ही होगा। मैं उनके (गिल) के लिए भी बहुत खुश हूं। उन्होंने अच्छा परफॉर्म किया है।
ग्राउंड पर रिलेक्स ही रहता हूं: सूर्या
35 साल के सूर्या ने कहा- ग्राउंड पर दबाव हो या ना हो, मैं रिलेक्स ही रहता हूं। फील्डिंग के दौरान भी मुस्कुराता रहता हूं। बॉलर्स को उनकी बात कहने का मौका देता हूं। बॉलर के मन में भी काफी चीजें चलती रहती हैं। यह एक टीम है और इसमें सभी की बातें सुनना जरूरी होता है। हर एक प्लेयर अलग-अलग राय रखता है।
एशिया कप से पहले मोबाइल एप्प हटा दिए थे
सूर्या ने बताया कि उन्होंने एशिया कप 2025 से 2-3 हफ्ते पहले ही मोबाइल फोन से सारे एप्प हटा दिए थे। इससे उन्हें शांत रहने में मदद मिलती है। उनसे पूछा गया कि सोशल मीडिया ज्यादा इस्तेमाल नहीं करने को लेकर एजेंट्स या मैनेजर का कुछ दबाव भी होता है क्या?
इस पर सूर्यकुमार ने कहा- यह चीजें तो सेकेंड्री हैं। मिसाल के तौर पर, एशिया कप से 2-3 हफ्ते पहले ही मैंने इसे फॉलो करना शुरू कर दिया था। मेरे मोबाइल से सबकुछ डिलीट कर दिया था। सभी एप्प भी। सिर्फ वॉट्सअप और नॉर्मल कॉल्स ही यूज कर रहा था। बाकी सारी चीजें मेरी टीम देख रही थी। इससे मुझे शांत रहने में मदद मिलती है।

