छठी मैया से श्रेयस के जल्द ठीक होने की मन्नत: सूर्यकुमार यादव की माताजी बोलीं- आप भी यही कामना करें; VIDEO वायरल
Published:
3 min read

अय्यर को सिडनी में शनिवार को खेले गए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी वनडे में एलेक्स कैरी का कैच लेते वक्त रिब केज यानी पसलियों में गंभीर चोट आई थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के ODI वाइस कैप्टन सिडनी में रिब केज की चोट के बाद रिकवरी मोड पर हैं। इस बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो टी20 के कप्तान सूर्यकुमार यादव की माताजी का है। इसमें वो छठ पूजा के दौरान छठी मैया से श्रेयस के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती नजर आती हैं। यह वीडियो सूर्या की बहन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। पूरा देश इस स्टार बैटर के जल्द सेहतमंद होने की कामना कर रहा है।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट
सूर्या की बहन ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है। इसमें सूर्या की मां छठ पूजा कर रही हैं और इसके बाद वो छठी मां से श्रेयस के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हैं और वहां मौजूद दूसरे श्रद्धालुओं से भी यही कामना करने का आग्रह करती हैं। सूर्या की माताजी कहती हैं- हे माई, यही बोलना चाहती हूं कि श्रेयस अय्यर के लिए प्रार्थना कीजिए कि वो बहुत जल्द अच्छा हो जाए। क्योंकि, मैंने कल सुना कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है। मुझे बिल्कुल अच्छा नहीं लगा। अब यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
क्या हुआ था श्रेयस को
दरअसल, अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में रिब केज (पसलियों) में चोट लगी थी। इसके बाद उन्हें ICU में ए़डमिट कराया गया था। सोमवार को उन्हें ICU से स्पेशल वॉर्ड में शिफ्ट कर दिया गया। मंगलवार को अय्यर की दोबारा स्कैनिंग हुई। BCCI का कहना है कि जो रिपोर्ट आई, उसमें सुधार दिख रहा है। फिलहाल वे रिकवरी मोड पर हैं।
इंटरनल ब्लीडिंग से दिक्कत बढ़ी
श्रेयस ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में पीछे की तरफ भागते हुए कैच पकड़ा था। इसके बाद उनकी कोहनी और घुटना पसलियों से टकराया था। इसके बाद पसलियों में गंभीर चोट आई थी। उनकी बाईं पसली में चोट है। उनकी स्कैन और मेडिकल रिपोर्ट्स से इंटरनल ब्लीडिंग का पता लगा।

वापसी का इंतजार लंबा होगा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले माना जा रहा था कि श्रेयस तीन हफ्ते में वापसी कर सकते हैं। हालांकि, अब जो उनका हेल्थ स्टेटस आ रहा है, उससे लगता है कि यह इंतजार अब लंबा होगा। हालांकि कितना वक्त लगेगा यह बताना अभी मुश्किल होगा। इस बारे में बोर्ड ही अपडेट देगा। माना जा रहा है कि कम से कम एक हफ्ते तो अभी उन्हें सिडनी के हॉस्पिटल में ही रहना होगा। इसके बाद वह भारत लौटेंगे और रिकवरी करेंगे। वैसे भी उनके पास अभी काफी वक्त है क्योंकि वह टी-20 टीम का हिस्सा नहीं हैं, जो ऑस्ट्रेलिया में पांच मैच की सीरीज खेलेगी।

