भारत-श्रीलंका मैच का इमोशनल मोमेंट: सूर्या ने वेलालगे को गले लगाकर हौसला बढ़ाया, एक हफ्ते पहले श्रीलंकाई गेंदबाज के पिता का निधन हुआ था
Published:
3 min read

भारत-श्रीलंका मैच के बाद सूर्यकुमार यादव और दुनिथ वेलालगे के बीच देर तक बातचीत हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। (फोटो सोर्स: सोनी स्पोर्ट्स)
स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप 2025 में भारत-श्रीलंका मैच के ठीक बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव और श्रीलंकाई गेंदबाज दुनिथ वेलालगे नजर आ रहे हैं। यहां भारतीय कप्तान श्रीलंकाई गेंदबाज को सांत्वना देते दिख रहे हैं। दरअसल, एशिया कप में 18 सितंबर को श्रीलंका-अफगानिस्तान मैच के दौरान वेलालगे के पिता का निधन हो गया था।
मैच के बाद का इमोशनल मूवमेंट
सोनी स्पोर्ट्स ने X (पहले ट्विटर) पर इस मुलाकात का वीडियो शेयर किया। वीडियो में नजर आ रहा है कि सूर्या वेलालगे के पास जाकर सीने पर हाथ रखकर हौसला बनाए रखने की बात करते हुए दिख रहे हैं। सूर्या उनकी पीठ थपथपाते भी नजर आए। दोनों प्लेयर्स के बीच करीब दो मिनट तक बातचीत हुई। वेलालगे भी उनकी बातों से सहमत होकर सिर हिलाते रहे।
हार्ट अटैक से हुई थी पिता की मौत
18 सितंबर को श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज का 11वां मैच खेला जा रहा था। इस मैच के दौरान दुनिथ वेलालगे के पिता, सुरंगा वेलालगे का हार्ट अटैक से निधन हो गया था। मैच खत्म होने के बाद टीम के कोच सनथ जयसूर्या ने पिता के निधन की खबर दी। निधन की खबर मिलने के तुरंत बाद वे कोलंबो के लिए रवाना हो गए।
दुनिथ बाद में सुपर-4 में बांग्लादेश के खिलाफ मैच के लिए वापस UAE लौट आए। बांग्लादेश के खिलाफ मैच में वेलालगे को एक भी विकेट नहीं मिला, लेकिन क्रिकेट जगत से उन्हें ढेर सारी सराहना मिली। इसके बाद पाकिस्तान और भारत के खिलाफ मैच में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला।
पाकिस्तान के कप्तान ने भी वेलालगे से मुलाकात की थी
सूर्यकुमार के पहले पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा और कोच माइक हेसन ने भी वेलालगे से मुलाकात की। दोनों ने इस युवा खिलाड़ी की हौसला अफजाई की। यह पल बताते हैं कि मैदान के बाहर खिलाड़ी एक दूसरे से किस तरह का सम्मान और व्यवहार करते हैं।
एशिया कप के आखिरी सुपर-4 मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 203 रन का टारगेट दिया। श्रीलंका ने 202 रन बनाकर मैच को टाई कर दिया। रिजल्ट के लिए सुपर ओवर कराना पड़ा। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह के हाथ में बॉल थी। उन्होंने पहले ही बॉल पर विकेट ले लिया। पांचवीं बॉल तक सिर्फ 2 रन बने। छठी बॉल पर दूसरा विकेट भी गिर गया। जाहिर है कि सुपर ओवर में 2 ही विकेट का नियम होता है। इस तरह भारत को सुपर ओवर में सिर्फ 3 रन का लक्ष्य मिला। भारत की तरफ से सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल क्रीज पर आए। सूर्या ने पहले ही बॉल पर 3 रन बना लिए।

