एशिया कप से पहले सूर्या की फिटनेस पर सस्पेंस: NCA में ट्रेनिंग शेड्यूल 7 दिन बढ़ा; हार्दिक पांड्या-श्रेयस अय्यर भी तैयारी में जुटे
Published:
3 min read

सूर्यकुमार यादव( लेफ्ट ) ने 121, हार्दिक पांड्या ( बीच ) ने 219 और श्रेयस अय्यर ( दाएं ) ने 135 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। ( सोशल मीडिया )
टीम इंडिया के T20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जून 2025 में जर्मनी के म्यूनिख में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी कराई थी। मुंबई इंडियंस के इस बल्लेबाज ने हाल ही में बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट अकेडमी ( NCA ) में चेक इन किया था। माना जा रहा था कि वो एशिया कप से पहले फिट हो जाएंगे। हालांकि, टाइम्स ऑफ इंडिया ( TOI ) की रिपोर्ट के मुताबिक, सूर्यकुमार मैच फिट नहीं हो सके हैं। इसलिए वो NCA में एक और हफ्ता बिताएंगे इस दौरान वह फिजियो और मेडिकल टीम की निगरानी में ट्रेनिंग करेंगे।
एशिया कप 9 सितंबर से खेला जाएगा। भारतीय टीम पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। उम्मीद है कि सूर्यकुमार तब तक फिट होकर टीम की कमान संभालेगें। पिछले हफ्ते सूर्यकुमार ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें उनका NCA में वापसी का सफर दिखाया गया था। वीडियो में वह एक्सरसाइज और रनिंग करते हुए दिखे। उन्होंने नेट्स में बल्लेबाजी की प्रैक्टिस भी शुरू कर दी। सूर्यकुमार ने पोस्ट में लिखा- जिस काम से मुझे सबसे ज्यादा प्यार है, उसे करने के लिए इंतजार नहीं हो रहा।
सूर्या ने आखिरी मैच आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस ( MI ) के लिए खेलते हुए देखा था। 717 रन के साथ वह सीजन के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने थे।
हार्दिक पांड्या NCA पहुंचे
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी एशिया कप से पहले NCA पहुंचे हैं। उनका 11 और 12 अगस्त को रूटीन फिटनेस टेस्ट होगा। मुंबई इंडियंस ( MI ) के कप्तान हार्दिक मिड जुलाई में मुंबई में ट्रेनिंग कर रहे थे। माना जा रहा है कि एशिया कप और अगले साल भारत और श्रीलंका में होने वाले T20 वर्ल्ड कप के लिए टीम के अहम हिस्सा होंगे।
श्रेयस अय्यर का फिटनेस टेस्ट पूरा
श्रेयस अय्यर ने भी 27 से 29 जुलाई के बीच में NCA में अपना फिटनेस टेस्ट पूरा किया। डोमेस्टिक क्रिकेट में मुंबई के लिए अच्छा परफॉरमेंस के बावजूद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया। इस साल आईपीएल में अय्यर ने पंजाब किंग्स ( PK )की कमान संभाली और टीम को फाइनल तक भी लेकर गए । हालांकि एशिया कप के लिए T20 टीम में उनकी जगह पक्की नहीं है। श्रेयस ने दिसंबर 2023 के बाद टीम के लिए टी20I मैच नहीं खेला है।

