सूर्यकुमार ने जीता भारतीयों का दिल: एशिया कप की पूरी फीस इंडियन आर्मी को देने का ऐलान; AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने किया था चैलेंज
Published:
3 min read

सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप की पूरी फीस इंडियन आर्मी को देने का ऐलान किया है। (फाइल फोटाे)
स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान पर शानदार जीत हासिल की। मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्य कुमार यादव ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा, वे एशिया कप की अपनी पूरी फीस इंडियन आर्मी को देंगे। सूर्य कुमार यादव के इस कदम की तारीफ हो रही है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद से भारत में पाकिस्तान के साथ एशिया कप खेलने का विरोध हो रहा था। इस पर बीसीसीआई ने साफ किया था कि भारत बड़े टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा, लेकिन कोई बाइलेटरल सीरीज नहीं खेलेगा। भारत और पाकिस्तान का एशिया कप में तीन बार सामना हुआ और टीम इंडिया ने तीनों बार पाकिस्तान को धूल चटाई।
पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में मिली जीत को कप्तान सूर्या ने पहलगाम पीड़ितों और इंडियन आर्मी को समर्पित किया था। इसके बाद सूर्या की शिकायत पाकिस्तान ने ICC से भी की थी। ICC ने दोबारा ऐसा न करने की हिदायत दी थी।
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने किया था चैलेंज
पहले मैच के बाद आप नेता सौरभ भारद्वाज ने विवादास्पद बयान देते हुए सूर्य कुमार यादव को एशिया कप से होने वाली कमाई पहलगाम पीड़ितों को देने की चुनौती दी थी। सौरभ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था- सूर्यकुमार यादव अगर तुम्हारी औकात है, तुम्हारी BCCI की औकात है और तुम्हारी ICC की औकात है, तो तुम्हें दूसरी चुनौति भी देते हैं। जितना पैसा तुमने इस ब्रॉडकास्ट राइट्स से कमाया है, एडवर्टाइज से कमाया है और इस पूरे धंधे क्रिकेट से कमाया है…दे दो उसे शहीदों की विधवाओं को…उन 26 औरतों को। हम भी मान जाएंगे कि तुमने डेडिकेट किया है।
'टीम इंडिया राजनैतिक प्रोेपेगेंडा चला रही'
आप नेता सौरभ ने भारत के एशिया कप जीतने के बाद सोमवार सुबह इंडियन टीम पर राजनैतिक प्रोेपेगेंडा चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एशिया कप शुरू होने से पहले सूर्य कुमार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन नकवी से हाथ मिलाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा, देखिए सीरीज की शुरुआत में, अभी 15 दिन पहले, पाकिस्तान के मंत्री मोहसिन नकवी के साथ हाथ भी मिलाया, फोटो भी खिंचवाया मगर भारत में मैच का विरोध हुआ तो खिलाड़ियों को नई स्क्रिप्ट दी ताकि देश में प्रोपेगंडा चला सकें।
9वीं बार जीता खिताब
भारतीय क्रिकेट टीम ने नौवीं बार एशिया कप जीता है। मौजूदा सीजन का फाइनल रविवार (28 सितंबर) को दुबई में खेला गया। इसमें टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 5 विकेट से शिकस्त दी। मैच के हीरो तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने नाबाद फिफ्टी लगाकर मैच फिनिश किया।
एशिया कप के इतिहास में पहली बार इंडिया-पाकिस्तान के बीच फाइनल हुआ। अब तक 17 सीजन हो चुके हैं, जिसमें टीम इंडिया ने सबसे ज्यादा 9 बार खिताब जीते हैं। पाकिस्तान की टीम 2 बार ही चैम्पियन बन सकी है। टॉस भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीता और पाकिस्तान को पहले बैटिंग का न्योता दिया। शुरुआत स्कोरकार्ड से और फिर आप मैच के लाइव मोमेंट्स की समरी देख सकते हैं।

