गौती भैया की कोई गलती नहीं: रैना ने कहा- बैट्समैन रन नहीं बना रहे, कोच सिर्फ टेक्निक पर काम कर सकता है
Published:
3 min read

गौतम गंभीर(फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया 0-2 की हार की तरफ बढ़ रही है। ऐसे में कई लोग कोच गौतम गंभीर को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। लेकिन पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना का कहना है कि भारत की टेस्ट में लगातार हार के लिए गंभीर को दोष देना गलत है। रैना के मुताबिक- टेस्ट क्रिकेट में रन बनाना प्लेयर की जिम्मेदारी है,कोच सिर्फ सलाह और सपोर्ट दे सकता है।
सोशल मीडिया पर कई लोग भारत के टेस्ट कोच गंभीर को टीम की इस खराब फॉर्म के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। कुछ तो BCCI से उन्हें हटाने की मांग तक कर रहे हैं। लेकिन इस पूरी बहस के बीच सुरेश रैना गंभीर के समर्थन में खड़े नजर आए।
हर चीज के लिए कोच जिम्मेदार नहीं
रैना ने एक इंटरव्यू में कहा- टेस्ट क्रिकेट में बैट्समैन की नाकामी के लिए कोच को जिम्मेदार ठहराना गलत है। गौती भैया बहुत मेहनत करते हैं। वो बल्लेबाज को गाइड कर सकते हैं, रन तो प्लेयर को ही बनाने होंगे। रैना ने याद दिलाया कि गंभीर की कोचिंग में भारत ने इस साल एशिया कप और ICC चैंपियंस ट्रॉफी जीती है। गंभीर हमेशा भारतीय टीम के लिए अपना 100% देते हैं और उन्हें टीम से बेइंतहां प्यार है। रैना ने बताया कि के साथ वर्ल्ड कप भी जीता है और वे कभी भी अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटते।

तैयारी सही नहीं रही
रैना ने आगे कहा- भारत की तैयारी भी सही नहीं रही। टी20 सीरीज खेलकर सीधे टेस्ट मैच में उतर गए। फॉर्मेट बदलते ही टीम को एडजस्ट होने में समय लगता है। सीरीज की प्लानिंग थोड़ी बेहतर होनी चाहिए थी। दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड टेस्ट खेलने के बाद भारत आए, वहीं भारतीय टीम के पास तैयारी के लिए सिर्फ कुछ दिन ही थे। बैटर्स को पिच पर टिककर खेलना होगा। खिलाड़ी अपनी गलतियों से सीखें और आगे बेहतर परफॉर्म करें।
भारत को 547 का टारगेट
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रही टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया मुश्किल हालात में है। पहला टेस्ट कोलकाता में हारने के बाद दूसरा टेस्ट गुवाहाटी में भी हाथ से निकलता हुआ दिखाई दे रहा है। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 489 रन बनाए और भारत को सिर्फ 201 रन पर ऑल आउट कर दिया। इसके बाद उन्होंने दोबारा बल्लेबाजी कर 260/5 पर पारी घोषित की। भारत के सामने 547 रन टारगेट है।

