'हार्दिक को बनाना चाहिए वनडे का कप्तान': सुरेश रैना बोले- धोनी की तरह कैप्टन हैं पांड्या, बेहतरीन लीडर साबित होंगे
Published:
2 min read

सुरेश रैना ने हार्दिक पांड्या की तारीफ करते हुए कहा कि उनमें वनडे का कप्तान बनने की बहुत सारी खूबियां हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क। सुरेश रैना ने कहा कि हार्दिक पांड्या को अगला ODI कप्तान बनाना चाहिए। उनका मानना है कि पांड्या में बहुत सारी खास बातें हैं, जो उन्हें कप्तान के तौर पर सफल बना सकती हैं। रैना ने कहा कि हार्दिक की कप्तानी में भारत को बहुत फायदा हो सकता है, और वह भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक बेहतरीन लीडर साबित हो सकते हैं।
'हार्दिक की कप्तानी धोनी की तरह'
रैना ने हार्दिक की तारीफ करते हुए एक इंटरव्यू में कहा- उनमें एमएस धोनी जैसी खास बात है। उनकी कप्तानी मे एक पॉजिटिव अप्रोच है, खिलाड़ियों के साथ अच्छे से बात करते हैं और पांड्या की कप्तानी में टीम को बहुत फायदा हो सकता है। रैना ने यह भी कहा कि हार्दिक के खेलने का तरीका, चाहें वह बैटिंग हो, बॉलिंग हो या फील्डिंग, उन्हें एक बेहतरीन कप्तान बना सकता है।
गुजरात ने हार्दिक की कप्तानी में जीता IPL
हार्दिक IPL में मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में गुजरात टाइटन्स को IPL की ट्राफी जितवाई।
'रोहित-विराट को कुछ और साल खेलना चाहिए'
रैना ने यह भी कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली को अगले कुछ सालों तक टीम में बने रहना चाहिए। उनका कहना है कि दोनों खिलाड़ियों का अनुभव भारत के लिए बहुत जरूरी है, साउथ अफ्रीका में होने वाले 2027 ODI वर्ल्ड कप तक दोनों को टीम रहना चाहिए।
सिर्फ वनडे खेलेंगे विराट-रोहित
रोहित शर्मा और विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से भारतीय टीम में वापसी कर सकते है। इन दोनों दिग्गज ने T20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया है। अब कोहली और रोहित सिर्फ ODI क्रिकेट में नजर आएंगे।
रोहित- विराट ने आखिरी ODI मार्च में खेला था
रोहित और कोहली ने आखिरी वनडे मैच इसी साल मार्च में खेला था। यह मुकाबला चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल था। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मैच में रोहित ने 76 और कोहली ने 1 रन बनाया था। भारतीय टीम यह मैच 4 विकेट से जीती थी।

