IPL 2026 से पहले SRH में बदलाव: वरुण आरोन बने नए बॉलिंग कोच, जेम्स फ्रैंकलिन की जगह ली
Published:
2 min read

वरुण आरोन ( फाइल फोटो ) सोर्सः PTI
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने एक बदलाव किया है। फ्रेंचाइजी ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वरुण आरोन को टीम का नया बॉलिंग कोच बनाया। इस तेज गेंदबाज ने जनवरी 2025 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। वे भारतीय टीम के लिए तीनों फॉर्मेट (वनडे, टी20, टेस्ट) खेल चुके हैं।
वरुण ने न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर जेम्स फ्रैंकलिन की जगह ली है। फ्रैंकलिन 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद के बॉलिंग कोच रहे हैं। 2024 में रनर-अप रही SRH का पिछले सीज़न में प्रदर्शन खराब रहा। यह टीम लीग स्टेज में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। फिलहाल, न्यूजीलैंड के पूर्व स्पिनर डेनियल विटोरी SRH के हेड कोच हैं, जबकि साइमन हेल्मोट उनके असिस्टेंट हैं। मुथैया मुरलीधरन स्पिन बॉलिंग के कोच हैं।
2016 सीजन की चैम्पियन हैदराबाद टीम का पिछले सीजन में खराब प्रदर्शन का मुख्य कारण उनकी कमजोर बॉलिंग थी। मोहम्मद शमी, सिमरजीत सिंह और एडम ज़म्पा जैसे बॉलर ने खूब रन लुटाए। हालांकि हर्षल पटेल ने अच्छा प्रदर्शन किया था। जबकि कप्तान पैट कमिंस का प्रदर्शन औसत ही था। इनका बॉलिंग एवरेज 28.12 था, जिसने टीम की मुश्किलें बढ़ाई।
सोशल मीडिया पर किया गया ऐलान
SRH ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘X’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'हमारे कोचिंग स्टाफ में एक जबरदस्त नया जुड़ाव! हमारे नए गेंदबाज़ी कोच वरुण आरोन का स्वागत है।'
वरुण का क्रिकेट करियर
वरुण ने 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उन्होंने 2011 से 2015 तक भारत के लिए 9 वनडे और 9 टेस्ट मैच खेले हैं। वरुण ने टेस्ट में 18 और वनडे में 11 विकेट लिए। आरोन ने 2011 से 2022 तक पाँच IPL टीमों के लिए खेला है। वे 2011 से 2012 तक दिल्ली डेयरडेविल्स का हिस्सा रहे।
इसके बाद 2014 से 2016 तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेले। आरोन ने 2017 में पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब), 2019–20 में राजस्थान रॉयल्स और 2022 में गुजरात टाइटंस के लिए खेला।

