वर्ल्ड चैम्पियन वुमन्स टीम के लिए अलर्ट: गावस्कर बोले- लोग नाम का इस्तेमाल करें और वादा पूरा ना करें तो निराश मत होना
Published: Updated:
3 min read

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 जीता है। फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराया।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम को 1983 वर्ल्ड कप जिताने वाले लीजेंड सुनील गावस्कर ने वर्ल्ड चैम्पियन इंडियन वुमन्स टीम को अलर्ट किया है। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे भी लोग होते हैं, जो वादा करके भी उसे पूरा नहीं करते। यदि वुमन्स प्लेयर्स के साथ ऐसा हो तो वे निराश ना हों। कई लोग अपने ब्रांड को प्रमोट करने के लिए आपकी सफलता का फायदा उठाएंगे। वे शायद अपना वादा पूरा ना कर पाएं।
दरअसल, हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 जीता है। उन्होंने 2 नवंबर को नवी मुंबई में हुए फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराया। इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम को बतौर इनाम 51 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया था।
कई लोग टीम के नाम का इस्तेमाल करते हैं
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से भी बतौर विनर 40 करोड़ रुपये मिले। इनके अलावा टाटा मोटर्स ने वर्ल्ड कप विनर सभी भारतीय प्लेयर्स को 1-1 कार देने का वादा किया है। सूरत के एक बिजनेसमैन ने भी हीरों के गहने देने की बात कही।
गावस्कर ने मिड-डे के लिए कॉलम में कहा- लड़कियों (प्लेयर्स) के लिए एक छोटा सा सुझाव है। यदि अवॉर्ड्स को लेकर कुछ वादे पूरे ना हों तो निराश मत होना। भारत में कई एडवर्टाइजर्स, ब्रांड्स और कुछ लोग जीत के बाद टीम के नाम का इस्तेमाल कर अपना एडवर्टाइज करने लगते हैं।
1983 की चैम्पियन टीम के साथ भी ऐसा ही हुआ था
गावस्कर ने कहा- आप देखिएगा फुल पेज एडवर्टाइज और बड़े-बडे होर्डिंग होते हैं। यदि वे टीम या उस खिलाड़ी के स्पॉन्सर नहीं हैं, तो वे इस सफलता का फायदा उठाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। जिन्होंने भारतीय क्रिकेट के लिए योगदान दिया है, उनके लिए कुछ नहीं कर रहे।
1983 में कपिल देव की कप्तानी में भारतीय टीम ने मेन्स वनडे वर्ल्ड कप जीता था। गावस्कर भी उस टीम का हिस्सा थे। उन्होंने उस खिताब का जिक्र करते हुए कहा- 1983 टीम के साथ भी ऐसा ही हुआ था, तब मीडिया के सामने कई सारे वादे हुए, लेकिन उनमें से ज्यादातर पूरे भी नहीं हुए थे। इसके लिए मीडिया को दोषी नहीं मान सकते, क्योंकि वे तो सिर्फ जीत को एंजॉय कर रहे थे।
उन्हें सच्चाई नहीं पता थी कि वे भी उन लोगोंं द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे हैं। यही वजह है कि लड़कियों तुम निराश मत होना यदि इस बार भी वे लोग आपकी जीत को इस्तेमाल करें तो। 1983 की टीम आज भी यही कहती है कि उनके लिए असली दौलत भारतीय फैन्स का प्यार और सम्मान ही है।

