3 विकेट पर बॉलर को एक ओवर एक्स्ट्रा मिले: गावस्कर ने IPL में नया रूल लागू करने की बात कही; बोले- पंजाब VS बेंगलुरु के बीच फाइनल होगा
Published:
2 min read

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार और पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान श्रेयस अय्यर। पिछले IPL सीजन का फाइनल इन दोनों टीम के बीच हुआ था, जिसमें RCB जीती थी। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम को 1983 वनडे वर्ल्ड कप जिताने वाले सुनील गावस्कर ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में नया नियम लागू करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि IPL मैच मेंं तीन या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर को एक एक्स्ट्रा ओवर देना चाहिए। इसके अलावा गावस्कर ने इस बार IPL खेलने वाली दो टीमों की भविष्यवाणी की है।
गावस्कर ने मिड डे के लिए एक कॉलम लिखा। इसमें कहा कि आजकल का मॉडर्न टी20 क्रिकेट खासकर IPL में हमेशा ही बल्लेबाजों को काफी मदद मिलती है। उनके लिए मददगार छोटी बाउंड्री, सपाट पिच और नियम बनाए जाते हैं।
फील्डिंग टीम आक्रामक क्रिकेट खेल सकेगी
ऐसे में बॉलर्स के लिए भी एक एक्स्ट्रा ओवर का नियम होना चाहिए। इससे मैच में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच बैलेंस बनेगा। गावस्कर ने लिखा- एक मैच में एक बॉलर को 4 ओवर देने के नियम पर फिर से विचार किया जा सकता है।

उन्होंने कहा- यदि कोई बैटर पूरे 20 ओवर बैटिंग कर सकता है, तो फिर एक बॉलर को जिसने अपने 4 ओवर में 3 विकेट लिए हों, उसे इनाम के तौर पर एक और ओवर डालने की इजाजत क्यों नहीं दी जा सकती? यह नियम लागू होता है तो इससे बॉलिंग करने वाली टीमें रन बचाने की बजाय आक्रामक क्रिकेट खेलकर विकेट लेने की ओर जाएंगी। डॉट बॉल तो वही ज्यादा बेहतर होती है, जिस पर विकेट मिलता है।
पंजाब और बेंगलुरु के बीच फाइनल होगा
गावस्कर ने भविष्यवाणी कर दी है कि इस आईपीएल सीजन का फाइनल पंजाब किंग्स (PBKS) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) टीम के बीच होगा। इसमें भी वे दावा करते हैं कि पंजाब टीम खिताब जीत सकती है।
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान गावस्कर ने दूसरी ओर स्टार स्पोर्ट्स के 'क्रिकेट लाइव' शो पर कहा- मैं इस सीजन में पंजाब किंग्स को सपोर्ट करूंगा। कभी कभी कुछ हार ऐसी होती हैं, जो टीम को रीसेट करती हैं। साथ ही ओवर कॉन्फिडेंस से बचाती हैं। मैं अभी भी पंजाब किंग्स और RCB को फाइनलिस्ट के तौर पर देखता हूं।

