रोहित-कोहली के फ्लॉप शो पर गावस्कर का रिएक्शन: जोकोविच की मिसाल देकर कहा- 35 की उम्र के बाद आराम नहीं करना चाहिए
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया में 3 वनडे मैचों की सीरीज खेल रही है। पहला मुकाबला रविवार (19 अक्टूबर) को पर्थ में हुआ, जिसमें सात महीने बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली फ्लॉप रहे। भारतीय टीम यह मैच हार भी गई। इस पर पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का रिएक्शन आया है।
टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच का नाम लेकर गावस्क ने कहा कि 35 की उम्र के बाद किसी भी खिलाड़ी को आराम नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ ही प्लेयर को हाई लेवल की प्रैक्टिस करना चाहिए।
रोहित ने 8 रन बनाए, कोहली डक पर आउट
दरअसल, रोहित और कोहली दोनों ने 7 महीने बाद अपना पहला इंटरनेशनल मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ वनडे खेला। इसमें रोहित ने 14 और कोहली ने 8 बॉल खेलीं। विराट ऑस्ट्रेलिया में पहली बार डक पर आउट हुए, जबकि रोहित 8 रन ही बना सके।
इससे पहले इन दोनों ने भारतीय टीम के लिए पिछला मैच 9 मार्च 2025 को चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था। 38 साल के रोहित और कोहली दोनों ही टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। अब यह दोनों सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेल रहे हैं। दोनों का अगला टारगेट 2027 वनडे वर्ल्ड कप है। कोहली 5 नवंबर को 37 साल के हो जाएंगे।
उम्र बढ़ने के साथ हाई लेवल की प्रैक्टिस करें
गावस्कर ने कहा- जितनी ज्यादा आप प्रैक्टिस करेंगे, उतना ज्यादा अच्छा टच आता है। नेट्स नहीं बल्कि मैच प्रैक्टिस भी बहुत जरूरी है। नेट्स में आउट होते हैं तो आप अगली बॉल खेल सकते हैं, लेकिन मैच में ऐसा नहीं होता है। ऐसे में मानसिक तौर पर आप रन बनाने के लिए तैयार होते हैं।
रोहित और कोहली की उम्र को लेकर गावस्कर ने कहा- यदि आपकी उम्र 35 साल से ज्यादा है तो आपको रेस्ट नहीं करना चाहिए। इसका बड़ा उदाहरण टेनिस में जोकोविच हैं, जो 35 की उम्र के बाद पिछले सीजन 4 में से 3 ग्रैंडस्लैम के फाइनल में पहुंचे थे।

हालांकि सीजन खत्म होते ही जोकोविच ने थोड़ा रेस्ट लिया था। इसके बाद वे इस साल वो कुछ खास नहीं कर सके, इसलिए जब आपकी उम्र ज्यादा होती है तो हाई लेवल की प्रैक्टिस करते रहना चाहिए।
दूसरा वनडे 23 अक्टूबर को होगा
पहला मुकाबला जीतकर 3 वनडे की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 1-0 से बढ़त बना ली है। इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब दूसरा मुकाबला 23 अक्टूबर को एडिलेड में खेला जाएगा।

