दिल्ली में जापान-केन्या के एथलेटिक्स कोच को आवारा कुत्तों ने काटा: वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेने आए थे; 1200 प्लेयर्स इवेंट में शामिल
Published: Updated:
2 min read

इस घटना के बाद MCD ने स्टेडियम के बाहर आवारा कुत्तों को हटाने का ऑपरेशन चलाया। (फोटो सोर्स: सोशल मिडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क.दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में चल रही वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान केन्या और जापान के दो कोच को आवारा कुत्तों ने काट लिया। यह घटना भारत की इंटरनेशनल गेम्स होस्टिंग पर सवालिया निशान लगा रही है।
दिल्ली में 26 सितंबर से शुरू वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 5 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें 100 से ज्यादा देशों के करीब 1200 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। शुक्रवार को डॉग बाइटिंग के इस हादसे ने ऑर्गनाइजर्स और इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रैक्टिस के दौरान काटा
डॉग बाइट का शिकार हुए केन्या के डॉ. ओकारो ने इंडियन एक्सप्रेस कहा- सुबह 9:30 बजे डेनिस म्वांजो अपने एथलीट्स के लिए ब्लॉक्स सेट कर रहे थे। तभी दो कुत्ते आए और उनके पैर में काट लिया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया। बाद में म्वांजो ने मीडिया से कहा- पहले मुझे लगा किसी ने पीछे से पकड़ा है, पर जब मुड़ा तो देखा कुत्ता है। मैंने उसे हटाया और ट्रीटमेंट करवाया, क्योंकि पता नहीं था कि वो स्ट्रै डॉग वैक्सीनेटेड है या नहीं।
इसके बाद उसी सुबह जापान की कोच मीयोको को भी एक कुत्ते ने काट लिया। उन्होंने बताया कि मेडिकल टीम ने उनकी देखभाल की और इलाज कराया।

दिल्ली नगर निगम पर सवाल
इस घटना के बाद आयोजन कमेटी और दिल्ली नगर निगम (MCD) पर सवाल उठ रहे हैं। 21 अगस्त 2025 को ही MCD को एक लेटर भेजा गया था। इसमें कहा गया था कि इस इवेंट के दौरान आवारा कुत्तों को स्टेडियम से दूर रखा जाए। MCD ने कार्रवाई भी की और स्टेडियम परिसर को साफ कर दिया गया था। चैंपियनशिप के दौरान डॉग कैचिंग गाड़ियां और टीमें भी तैनात थीं।
होस्ट कमेटी ने कहा- लोग स्टेडियम के बाहर कुत्तों को खाना खिला रहे हैं। इसलिए वह ग्राउंड के अंदर आ जाते हैं। इस घटना की वजह भी यही है।
MCD ने दो और डॉग कैचिंग टीमें स्टेडियम में तैनात कर दी हैं। इसके अलावा और रैपिड रिस्पॉन्स व्हीकल भी तैयार रखे हैं।
कॉमनवेल्थ और ओलिंपिक की मेजबानी का दावेदार है भारत
भारत 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 में ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, इस तरह की घटनाएं और वो भी देश की राजधानी में…इन कोशिशों को सख्त नुकसान पहुंचा सकती हैं।

