इस्लामाबाद ब्लास्ट के बाद श्रीलंका के 2 प्लेयर घर लौटे: बीमारी के कारण कप्तान भी बाहर; पाकिस्तान में खेलने के लिए बोर्ड ने धमकी दी थी
Published: Updated:
3 min read

तीन वनडे की सीरीज में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 3-0 से हराया था। अब दोनों टीमें जिम्बाब्वे के साथ ट्राई सीरीज खेल रही हैं। (@SLC)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हुए बम ब्लास्ट के एक हफ्ते बाद श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के कप्तान चरिथ असलंका समेत दो खिलाड़ी अपने घर लौट गए हैं। हालांकि यह दोनों प्लेयर बीमारी के कारण सीरीज से हटे हैं। यह जानकारी इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने दी है। इससे पहले श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने खिलाड़ियों को पाकिस्तान में सीरीज खेलने के लिए धमकी भी दी थी।
दरअसल, श्रीलंकाई क्रिकेट टीम इस समय पाकिस्तान दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच तीन वनडे की सीरीज हुई, जिसे पाकिस्तान ने 3-0 से अपने नाम किया है। अब इन दोनों टीम और जिम्बाब्वे के बीच ट्राई सीरीज खेली जा रही है।
दासुन सनाका टीम की कमान संभालेंगे
इसका पहला मैच आज (18 नवंबर) ही पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच होना है। इससे ठीक पहले यह खबर आई कि बीमारी के कारण असलंका और तेज गेंदबाज असिथ फर्नांडो ने सीरीज से नाम वापस ले लिया है। यह दोनों ही प्लेयर अपने घर लौट गए हैं।
अब असलंका की जगह दासुन सनाका टीम की कमान संभालेंगे। फर्नांडो की जगह अनकैप्ड पवन रतनायके को टीम में शामिल किया गया है। पवन ने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज से वनडे डेब्यू किया था। अब उन्हें टी20 टीम में भी शामिल किया गया है।
ट्राई सीरीज का शेड्यूल
18 नवंबर: पाकिस्तान Vs जिम्बाब्वे
20 नवंबर: श्रीलंका Vs जिम्बाब्वे
22 नवंबर: पाकिस्तान Vs श्रीलंका
23 नवंबर: पाकिस्तान Vs जिम्बाब्वे
25 नवंबर: श्रीलंका Vs जिम्बाब्वे
27 नवंबर: पाकिस्तान Vs श्रीलंका
29 नवंबर: फाइनल

SLC ने खिलाड़ियों को धमकी दी थी
दरअसल, पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के जिला न्यायिक कॉम्पलेक्स के पास कार में मंगलवार (11 नवंबर) दोपहर विस्फोट हुआ था। इसमें 12 लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा घायल हुए। इंटीरियर मिनिस्टर मोहसिन नकवी ने कहा था- सुसाइड अटैकर ने कोर्ट परिसर में घुसने की कोशिश की थी। उसने नाकाम होने पर एक पुलिस गाड़ी के पास विस्फोटक लगा दिया था।
ज्यादातर खिलाड़ियों ने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) से घर लौटने की अपील की थी, लेकिन बोर्ड ने उनकी यह मांग मंजूर नहीं की। साथ ही एक आदेश जारी करते हुए धमकी भरे शब्दों में कहा कि सभी प्लेयर पाकिस्तान में शेड्यूल के मुताबिक सीरीज खेलें। यदि कोई घर लौटा तो कार्रवाई होगी।
2009 में श्रीलंकाई टीम पर हमला हुआ था
बता दें कि पाकिस्तान में 3 मार्च 2009 को श्रीलंकाई क्रिकेट टीम पर आतंकी हमला हुआ था। इसमें सभी प्लेयर बाल-बाल बचे थे। इसके बाद से पाकिस्तान में कई सालों तक क्रिकेट बंद सा हो गया था। इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाली टीमों ने पाकिस्तान दौरा करने से मना कर दिया था।
इस हमले के बाद पहली टीम जिम्बाब्वे थी, जो पाकिस्तान आई थी। उसने मई 2015 में वनडे और टी20 सीरीज खेली थी। इसके बाद 2017 में वर्ल्ड इलेवन के साथ सीरीज हुई। इस तरह पाकिस्तान में इंटरनेशनल क्रिकेट की वापसी हुई।

