इस IPL की पहली प्लेऑफ टीम 12 मई को मिलेगी: हैदराबाद या गुजरात, कौन बाजी मारेगा; देखिए पॉइंट्स टेबल का समीकरण
Published:
2 min read

IPL 2026 में एक मैच के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के कप्तान पैट कमिंस और गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान शुभमन गिल। (फोटो सोर्स- @IPL)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन में 10 मई तक 54 मैच खेले जा चुके हैं, लेकिन एक भी टीम प्लेऑफ में एंट्री नहीं कर सकी है। हालांकि, 12 मई को यह इंतजार खत्म हो जाएगा। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और गुजरात टाइटंस (GT) में से कोई एक टीम प्लेऑफ में जगह बना लेगी।
SRH और GT के 14-14 पॉइंट्स
दरअसल, हैदराबाद और गुजरात दोनों टीमों ने अब तक 11-11 मैच खेले हैं। दोनों ने 7 मुकाबले जीते और 4 हारे हैं। इस तरह दोनों के 14-14 पॉइंट्स हैं। बेहतर नेट रनरेट (+0.737) के कारण SRH टीम टॉप पर है। GT दूसरे नंबर पर काबिज है।

अब दोनों टीमों के पास प्लेऑफ में पहुंचने का मौका है। आइए जानते हैं SRH और GT टीम का पूरा प्लेऑफ सिनेरियो…
- IPL प्लेऑफ के लिए आमतौर पर 16 पॉइंट्स सुरक्षित माने जाते हैं। 14 पॉइंट्स पर भी टीमें क्वालिफाई कर सकती हैं, लेकिन यहां नेट रनरेट काफी अहम हो जाता है।
- हर टीम को ग्रुप स्टेज में 14 मैच खेलने होते हैं। इस लिहाज से SRH और GT टीम को अभी 3-3 मैच और खेलने हैं।
- यदि SRH या GT अपनी अगली जीत दर्ज कर लेती है, तो उसके 16 पॉइंट्स हो जाएंगे। ऐसे में टीम प्लेऑफ में एंट्री कर लेगी।
पंजाब किंग्स Vs दिल्ली कैपिटल्स
11 मई को पंजाब किंग्स (PBKS) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच मुकाबला खेला जाएगा। यदि पंजाब टीम यह मैच जीत जाती है, तो उसके 15 पॉइंट्स हो जाएंगे। इसके बावजूद उसकी प्लेऑफ में एंट्री पक्की नहीं मानी जाएगी। वहीं दिल्ली की जीत से पंजाब 13 पॉइंट्स पर ही रुक जाएगी। इससे टॉप-4 की लड़ाई इंटरेस्टिंग हो जाएगी।
दिल्ली टीम यह मैच जीतेगी तो उसके 10 पॉइंट्स ही होंगे। उसने अब तक 11 में से 4 मैच जीते और 7 हारे हैं। पंजाब को हराकर वह 7वें नंबर पर ही पहुंचेगी।

