ललित मोदी-माइकल क्लार्क शर्म कर लो: श्रीसंत की पत्नी ने कहा- 18 साल बाद थप्पड़ विवाद का गड़ा मुर्दा क्यों उखाड़ रहे, इन पर केस होना चाहिए
Published:
3 min read

IPL 2008 सीजन में हरभजन सिंह और एस श्रीसंत के बीच 'स्लैपगेट’ इंसिडेंट सामने आया था। ललित मोदी ने इस घटना का एक पुराना ओरिजिनल वीडियो शेयर किया है। (सोशल मीडिया)
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज एस श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर करते हुए ललित मोदी ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क पर भड़ास निकाली है। ललित मोदी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फाउंडर और एक्स चेयरमैन हैं। भुवनेश्वरी ने दोनों से कहा कि 2008 के हरभजन सिंह और श्रीसंत के बीच हुए थप्पड़ विवाद का गड़ा मुर्दा क्यों उखाड़ रहे हो। शर्म कर लो। इन पर केस होना चाहिए।
दरअसल, IPL 2008 सीजन में हरभजन सिंह और एस श्रीसंत के बीच 'स्लैपगेट’ इंसिडेंट सामने आया था। भज्जी ने श्रीसंत को मैदान पर सबके सामने थप्पड़ मार दिया था। हाल ही में ललित मोदी ने क्लार्क के साथ पोडकास्ट में इस मामले पर बात की और इस घटना का एक पुराना ओरिजिनल वीडियो शेयर किया है।
इसके बाद भुवनेश्वरी ने इंस्टाग्राम पर 2 स्टोरी शेयर कीं। इसमें लिखा- “ललित मोदी और माइकल क्लार्क थोड़ी शर्म कर लो। आप तो इंसान भी नहीं हो। चीप पब्लिसिटी और व्यूज के लिए 2008 के मामले को घसीट रहे हो। श्रीसंत और हरभजन इस मामले से बहुत आगे आ चुके हैं। दोनों स्कूल जाने वाले बच्चों के पिता हैं। मगर आप अब भी उनके पुराने जख्मों को कुरेदने में लगे हैं। ये बेहद घिनौना, निंदनीय और अमानवीय है।”
बेकसूर बच्चे भी शर्मिंदगी का सामना करते हैं
भुवनेश्वरी ने दूसरी इंस्टा स्टोरी में लिखा- श्रीसंत डिग्निटी और ग्रेस के साथ जीवन को फिर से पटरी पर लाए हैं। उनकी पत्नी और उनके बच्चों की मां होने के नाते 18 साल बाद फिर इस मामले को देखना हमारे फैमिली के लिए बेहद दुखद है। फैमिली को उस मामले में फिर से ट्रामा झेलने के लिए मजबूर किया जा रहा है जिसे बहुत पहले भूला चुके हैं।
उन्होंने कहा- यह सिर्फ उन खिलाड़ियों के लिए ही दुखी नहीं करता बल्कि उनके मासूम बच्चों के लिए भी डरावना है, जो बेकसूर होने पर अब भी सवालों और शर्मिंदगी का सामना करते हैं। इस घटिया और अमानवीय काम करने के लिए आप (ललित और क्लार्क) पर केस होना चाहिए।
पोडकास्ट में ललित मोदी ने क्या कहा था?
यह वाकया 2008 के पहले सीजन का है, जब मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के बीच मैच के बाद हरभजन ने श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था। यह घटना स्लैपगेट के नाम से जानी जाती है।
क्लार्क के साथ पॉडकास्ट में ललित मोदी ने कहा था- मैच खत्म के बाद सारे कैमरे बंद कर दिए थे। हालांकि, एक सिक्योरिटी कैमरे में वह इंसिडेंट सेव हो गया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि श्रीसंत और भज्जी आमने-सामने आते हैं और हरभजन उन्हें थप्पड़ मार देते हैं। ये रहा वह ओरिजिनल वीडियो।
उन्होंने कहा- मैंने इतने समय से इसे पब्लिक नहीं किया। आज उस इंसिडेंट को 18 साल हो चुके हैं। हाल ही में हरभजन ने रविचंद्रन अश्विन के यूट्यूब चैनल पर उनके और श्रीसंत के बीच हुई इस बारे में अफसोस जताया था।

