सा. अफ्रीकी फुटबॉलर एडम्स का निधन: पिछले महीने FIFA वर्ल्ड कप खेले थे; टूर्नामेंट के दौरान एडम्स की दादी का निधन हुआ था
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. FIFA वर्ल्ड कप 2026 के बीच एक बुरी खबर सामने आई है। साउथ अफ्रीका के मिडफील्डर जेडेन एडम्स (Jayden Adams) का निधन हो गया है। इस फुटबॉलर की उम्र महज 25 साल थी। जेडेन इस फीफा वर्ल्ड कप में खेले थे। उनकी टीम नॉकराउंड में पहुंची थी। अफ्रीकी टीम राउंड ऑफ 32 में कनाडा से 0-1 से हारकर बाहर हुई थी। टूर्नामेंट के दौरान ही एडम्स की दादी का निधन भी हुआ था।
साउथ अफ्रीका के खेल मंत्रालय ने जेडेन के निधन की जानकारी दी है। हालांकि इस प्लेयर की डेथ किस वजह से हुई, इसका खुलासा नहीं किया। साउथ अफ्रीकी टीम फुटबॉल वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार नॉकराउंड में पहुंची थी। साउथ अफ्रीका के खेल मंत्री Gayton McKenzie ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर श्रद्धांजलि दी।
कोई गोल नहीं कर सके थे एडम्स
एडम्स ग्रुप स्टेज के तीनों मैच खेले थे। वे मेक्सिको और चेक रिपब्लिक के खिलाफ मैच में शुरुआत से खेले थे, जबकि साउथ कोरिया के खिलाफ बीच में उतरे थे। यह तीसरा मैच अफ्रीकी टीम 1-0 से जीती थी। हालांकि राउंड ऑफ 32 में कनाडा के हाथों शिकस्त मिली थी।
इस वर्ल्ड कप में एडम्स कुल 130 मिनट खेले, लेकिन कोई भी गोल नहीं कर सके। उन्होंने कोई गोल असिस्ट भी नहीं किया था। साउथ अफ्रीकी टीम ग्रुप-ए में थी।
वर्ल्ड कप के दौरान दादी का निधन हुआ था
यह वर्ल्ड कप एडम्स के लिए बहुत ही बुरा रहा। ग्रुप स्टेज में जब सा. अफ्रीकी टीम को अपना दूसरा मैच चेक रिपब्लिक के साथ खेलना था, उससे एक दिन पहले एडम्स की दादी का निधन हुआ था। यही वजह थी कि इस दूसरे मैच में एडम्स को 46वें मिनट में सब्स्टीट्यूट (बाहर) कर दिया गया था।

