सौरव गांगुली की पत्नी पर भद्दे कमेंट्स: बॉडी शेमिंग के बाद डोना ने पुलिस में शिकायत की, सबूत भी दिए
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की पत्नी डोना गांगुली सोशल मीडिया पर बॉडी शेमिंग का शिकार हुई हैं। उनके वीडियो और फोटोज शेयर करते हुए भद्दे कमेंट्स भी किए गए। इसको लेकर डोना ने कोलकाता पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। साथ ही सबूत के तौर पर स्क्रीनशॉट्स और मोबाइल नंबर भी दिए।
डोना एक फेमस ओडिशी डांसर हैं। उन्होंने ठाकुरपुकुर थाने में शिकायत दी है। इसमें डोना ने कहा कि उन्होंने हाल ही में कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में परफॉर्म किया था। इसके बाद से ही एक फेसबुक पेज ने उन्हें लगातार टारगेट किया और उनको बदनाम करने की कोशिश की है।
साइबर टीम ने अलर्ट होकर जांच शुरू कर दी
पुलिस को बताया कि उन्हें बदनाम करने के लिए जानबूझकर यह आपत्तिजनक पोस्ट की गई हैं। डोना ने कहा कि वे करीब 45 साल से देश-विदेश में प्रोफेशनली तौर पर ओडिशी डांस कर रही हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर किए गए भद्दे कमेंट्स से उनकी छवि खराब हुई है। साथ ही उन्हें मेंटली तौर पर परेशान भी किया है।
डोना ने पुलिस को जो मोबाइल नंबर दिया है वह उसी फेसबुक पेज पर मिला था। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साथ ही साइबर टीम ने अलर्ट होकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पोस्ट शेयर करने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है।
2021 में भी डोना ने शिकायत दर्ज की थी
यह पहली बार नहीं है जब डोना को पुलिस में शिकायत करनी पड़ी है। इससे पहले भी उन्होंने 2021 में शिकायत दर्ज करवाई थी। तब डोना ने बताया था कि उनके नाम से एक फर्जी फेसबुक अकाउंट चलाया जा रहा है। उनको इसकी जानकारी एक स्टूडेंट के जरिए पता चली थी।
इसी अकाउंट के जरिए बगैर उनकी या किसी की इजाजत के फैमिली की तस्वीरें लगातार शेयर की गईं। इस अकाउंट से डोना, सौरव गांगुली और उनकी बेटी सना की फोटोज शेयर की गई थीं।

