PAK से अच्छी तो अफगान टीम: सौरव गांगुली बोले- मैंने तो शुरुआती 15 ओवर के बाद चैनल बदल दिया, फुटबॉल में ज्यादा मजा आया
Published:
3 min read

वसीम अकरम के साथ सौरव गांगुली। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. सौरव गांगुली ने कहा है कि एशिया कप 2025 में पाकिस्तान पर भारत की जीत कोई बड़ी बात नहीं है। दादा के नाम से मशहूर सौरव ने कहा- अफगानिस्तान की टीम भी पाकिस्तान से बेहतर है। मैंने तो शुरुआत के 15 ओवर के बाद चैनल बदल दिया और इसके बाद इंग्लिश प्रीमियर फुटबॉल लीग देखने लगा।
वो हमारे आसपास भी नहीं
कोलकाता में एक इवेंट के बाद मीडिया से बातचीत में सौरव ने कहा- पाकिस्तान अब टक्कर देने वाली टीम नहीं रह गई है। भारत का असली मुकाबला तो बड़ी टीमों जैसे ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और यहां तक कि अफगानिस्तान से होता है। पाकिस्तान के खिलाफ तो मैच देखने का भी कोई फायदा नहीं।

गांगुली ने आगे कहा- एक वक्त था जब वसीम अकरम, वकार यूनुस, जावेद मियांदाद और सईद अनवर जैसे लीजेंड्स वाली टीम से मुकाबला होता था। आज पाकिस्तान के जो प्लेयर्स हैं, वो दूर-दूर तक हमारी टक्कर के नहीं हैं। इसलिए अब पाकिस्तान से मुकाबला जैसी बात करना फिजूल है।
न विराट थे और न रोहित, फिर भी….
एक सवाल के जवाब में ‘प्रिंस ऑफ कोलकाता’ ने कहा- जरा सोचिए, हमारी टीम में इस वक्त न विराट कोहली हैं और न रोहित शर्मा। इसके बावजूद टीम क्या गजब का क्रिकेट खेल रही है। मैं दावे से कह सकता हूं कि एशिया की बाकी टीमें पाकिस्तान से कहीं ज्यादा मजबूत हैं।

हैंडशेक विवाद पर गोलमोल जवाब
टीम इंडिया ने जीत के बाद पाकिस्तान के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया था। इसको लेकर बड़ी कन्ट्रोवर्सी हुई। पाकिस्तान ने मैच रेफरी को हटाने की मांग की। कहा- मैच रेफरी नहीं हटाए गए तो टूर्नामेंट का बायकॉट कर देंगे।
सौरव से जब इस बारे में सवाल हुआ तो उन्होंने सीधा जवाब देने से परहेज किया। कहा- वहां क्या हुआ था? इस बारे में मैं कुछ नहीं कह सकता, क्योंकि मैं बहुत दूर हूं। इस बारे में कप्तान सूर्यकुमार यादव ही कुछ कह सकते हैं। हर किसी का अपना ओपिनियन हो सकता है। हां, ये बात दुरुस्त है कि टेरेरिज्म बंद होना चाहिए। यह दुनिया के लिए खतरा है। दूसरी तरफ, ये भी सही है कि स्पोर्ट्स जारी रहना चाहिए।
मैच रेफरी नहीं हटाए जाएंगे
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC ने एशिया कप में हैंडशेक विवाद के बाद सख्त रुख अपनाया है। इंटरनेशनल क्रिकेट बॉडी ने साफ कर दिया है कि वो किसी भी सूरत में मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को नहीं हटाएगी।
अब यह मामला दिलचस्प मोड़ पर आ गया है। दरअसल, पाकिस्तान ने धमकी दी थी कि अगर मैच रेफरी पायक्रॉफ्ट को एशिया कप से नहीं हटाया गया तो वो टूर्नामेंट का बायकॉट करेगा। लिहाजा, अब यह देखना होगा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) क्या स्टेप लेता है।

