4 ओवर में 8 विकेट: 22 साल के सोनम का T20 में वर्ल्ड रिकॉर्ड, मेन्स-वुमन्स क्रिकेट में कोई नहीं कर सका ऐसा
Published: Updated:
2 min read

भूटान के स्पिनर सोनम येशे ने पिछले 5 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 13 विकेट झटके हैं। (@Bhutan Cricket)
स्पोर्ट्स डेस्क. भूटान के स्पिनर सोनम येशे (Sonam Yeshey) ने टी20 क्रिकेट में वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। इस 22 साल के लेफ्ट आर्म स्पिनर ने एक इंटरनेशनल मैच में 4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 7 रन देकर 8 विकेट अपने नाम किए। टी20 फॉर्मेट के मेन्स-वुमन्स दोनों कैटेगरी में अब तक कोई ऐसा नहीं कर सका है।
दरअसल, यह रिकॉर्ड म्यांमान और भूटान के बीच हुए मुकाबले में बना है। सीरीज के तीसरे मैच में भूटान ने पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट पर 127 रन बनाए थे। इसके बाद सोनम ने बॉलिंग में शानदार प्रदर्शन किया।
सोनम ने इद्रस का रिकॉर्ड तोड़ा
इस स्पिनर ने 4 ओवर में 7 रन देकर 8 विकेट लिए। इसके बदौलत म्यांमार की टीम 9.2 ओवर में 45 रन पर ही ढेर हो गई। इस तरह भूटान ने 82 रन से मुकाबला अपने नाम किया। यह मैच भूटान के गेलेफू में खेला गया।
सोनम ने पिछले 5 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 13 विकेट झटके हैं। 8 विकेट लेकर उन्होंने सयाजरुल एजात इद्रस का रिकॉर्ड तोड़ा है। इद्रस ने 26 जुलाई 2023 को चीन के खिलाफ मैच में यह रिकॉर्ड बनाया था। तब इद्रस ने कुआलंपुर टी20 में 4 ओवर बॉलिंग की थी, जिसमें 8 रन देकर 7 विकेट लिए थे।
वुमन क्रिकेटर रोहमालिया का रिकॉर्ड भी टूटा
महिला क्रिकेट में 19 साल की रोहमालिया रोहमालिया ने 24 अप्रैल 2024 को यह रिकॉर्ड बनाया था। इंडोनेशिया की इस स्पिनर ने मंगोलिया के खिलाफ मैच में 3.2 ओवर में 7 विकेट लिए थे। इस दौरान रोहमालिया ने एक भी रन नहीं दिया था।

