स्मृति-पलाश की शादी रद्द: वर्ल्ड कप विनर मंधाना ने खुद जानकारी दी, कहा- अब आगे बढ़ने का समय है; पलाश ने भी पोस्ट शेयर की
Published: Updated:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना और म्यूजिक कम्पोजर पलाश मुच्छल की शादी रद्द हो गई है। वर्ल्ड कप विनर मंधाना ने खुद ही सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर इस बात का खुलासा किया है। उन्होंने अपनी इस पोस्ट में कहा कि अब आगे बढ़ने का समय आ गया है। पलाश ने भी एक पोस्ट शेयर की। साथ ही दोनों ने सोशल मीडिया पर एकदूसरे को अनफॉलो कर दिया है।
मंधाना ने कहा कि पिछले कुछ समय से मेरी लाइफ (शादी) को लेकर कई सारी अटकलें चल रही हैं। मुझे लगता है कि अब मेरे लिए इसके बारे में बोलना जरूरी हो गया है। मैं खुद को पर्सनल रखती हूं। मैं ऐसे ही रहना चाहती हूं, लेकिन मुझे यह क्लियर करना है कि अब यह शादी रद्द हो गई है।
अब आगे बढ़ने का समय है
उन्होंने कहा- मैं इस मामले को यहीं खत्म करना चाहती हूं। आप सभी से भी यही उम्मीद करती हूं। मैं आपसे रिक्वेस्ट करती हूं कि कृपया इस समय दोनों फैमिली की प्राइवेसी का सम्मान करें। हमें अपने-अपने रास्तों पर आगे बढ़ने दें।
मंधाना ने आगे लिखा- मेरे लिए देश को रिप्रेजेंट करना ही सबसे ज्यादा जरूरी है। मुझे उम्मीद है कि मैं जितना हो सके भारत के लिए खेलूंगी और ट्रॉफी जीतती रहूंगी। मेरा फोकस हमेशा उसी पर रहेगा। आप सभी के सपोर्ट के लिए थैंक्यू। अब आगे बढ़ने का समय है।

पलाश ने भी आगे बढ़ने का फैसला किया
पलाश ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की, इसमें लिखा- मैंने लाइफ में आगे बढ़ने और मेरे पर्सनल रिलेशनशिप से पीछे हटने का फैसला किया है। मुझे यह देखकर बहुत तकलीफ हुई कि लोग किस तरह आसानी से अफवाहों पर रिएक्ट करते हैं। यह मेरे जीवन का सबसे मुश्किल समय है। मैं अपनी मान्यताओं के साथ मजबूती से निकल जाऊंगा।
बतौर एक सोसाइटी हमें किसी भी अफवाह पर रिएक्ट करने से पहले रुककर सोचना चाहिए। हम नहीं समझ पाते कि हमारे शब्द किसी को दुख पहुंचा सकते हैं। मेरी टीम बदनाम करने वाली अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

23 नवंबर को शादी करने वाले थे
स्मृति और पलाश 23 नवंबर को महाराष्ट्र के सांगली में शादी करने वाले थे। हल्दी, मेहंदी और संगीत की रस्में तो हो चुकी थीं, लेकिन स्मृति के पिता की अचानक तबीयत खराब होने और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने के कारण शादी रुक गई। फिर खबर आई कि पलाश की सेहत भी खराब हो गई और उन्हें भी अस्पताल में एडमिट कराना पड़ा। फिलहाल दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई।
पलाश ने अनोखे अंदाज में मंधाना को प्रपोज किया था। भारतीय टीम ने 2 नवंबर को मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में वुमन्स वर्ल्ड कप का फाइनल जीता था। पलाश ने इसी स्टेडियम में ले जाकर मंधाना को प्रपोज किया था। मंधाना के हां बोलने पर पलाश ने अंगूठी पहनाकर सगाई की थी। इसका वीडियो खुद पलाश ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंधाना और पलाश को सगाई की बधाई भी दी थी।
मंधाना वर्ल्ड कप में भारतीय टॉप स्कोरर थीं
भारतीय टीम ने पहली बार वुमन्स वर्ल्ड कप जीता है। फाइनल 2 नवंबर 2025 को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में हुआ था। इस मैच में इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराया था।वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय टीम की ओर से मंधाना ने ही सबसे ज्यादा 434 रन बनाए थे। उपकप्तान रहीं मंधाना ने टूर्नामेंट में 9 वनडे खेले थे, जिसमें उनका एवरेज 54.25 का रहा था। इस दौरान उन्होंने 1 सेंचुरी और 2 फिफ्टी लगाई थीं।

