मुझे बेचारी समझकर सहानुभूति मत दीजिए: स्मृति मंधाना बोलीं- परेशान होने पर बाथरूम में रो लेती हूं
Published:
3 min read

स्मृति मंधाना वुमेन्स इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। उनके नाम 10,880 से ज्यादा रन दर्ज हैं।(फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क.भारत की उप-कप्तान और दुनिया की नंबर-1 बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने बताया कि जब वह बहुत ज्यादा परेशान होती हैं तो किसी से बात करने के बजाय चुप रहना पसंद करती हैं। कई बार मन ज्यादा भारी हो जाए तो वह अकेले में रो लेती हैं। हालांकि, उन्हें लोगों की सहानुभूति बिल्कुल पसंद नहीं है। वह नहीं चाहतीं कि कोई उन्हें बेचारी’ समझकर देखे।
परेशान होने पर चुप हो जाती हैं स्मृति
स्मृति मंधाना ने पॉडकास्टर राज शमानी से बातचीत में बताया कि वह अपने दुख और परेशानियों से कैसे निपटती हैं। बोली “मैं काफी लंबे समय तक बिल्कुल चुप हो जाती हूं।” स्मृति का कहना है कि जब वह किसी बात से बहुत परेशान होती हैं, तो कुछ समय अकेले रहना और अपने मन की बात खुद समझना पसंद करती हैं।

मन भारी हो तो बाथरूम में जाकर रो लेती हैं
स्मृति ने बताया कि कई बार जब भावनाएं काबू से बाहर होने लगती हैं, तो वह बाथरूम में जाकर रो लेती हैं। लेकिन इसके बाद वह नहीं चाहतीं कि लोग उन्हें दया की नजर से देखें।उन्हें सहानुभूति पसंद नहीं है और वह किसी को भी उन्हें ‘बेचारी’ समझते हुए नहीं देखना चाहतीं।

अपनी निजी बातें ज्यादा शेयर नहीं करतीं
स्मृति अपनी निजी जिंदगी और व्यक्तिगत परेशानियों के बारे में ज्यादा बात नहीं करतीं। इंटरव्यू में भी वह ऐसी बातें शेयर करने से बचती हैं। उनका मानना है कि हर परेशानी को सबके सामने बताना जरूरी नहीं है, इसलिए वह कई चीजें अपने तक ही रखना पसंद करती हैं।
भारत की वर्ल्ड कप जीत में रहा अहम रोल
30 साल की बाएं हाथ की बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने भारत की 2025 वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वह हरमनप्रीत कौर की डिप्टी हैं और सभी फॉर्मेट में भारत की उप-कप्तान हैं। फिलहाल स्मृति वुमेंन्स क्रिकेट में दुनिया की नंबर-1 बल्लेबाज हैं। मंधाना ने 2025 ICC महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत को चैंपियन बनाने के दौरान शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 9 पारियों में 434 रन बनाए थे।

स्मृति का रिकाॅर्ड
स्मृति मंधाना ने टेस्ट क्रिकेट में 9 मैचों में 635 रन बनाए हैं। वहीं, वनडे में 120 मैच खेलकर 5,400 से ज्यादा रन उनके नाम हैं। टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 176 से ज्यादा मैचों में 4,200 से ज्यादा रन बनाए हैं। महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सभी फॉर्मेट मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। उनके नाम अब तक 10,880 से ज्यादा रन दर्ज हैं।

