The Hundred में स्मृति मंधाना का बेस्ट स्कोर: सनराइजर्स के खिलाफ 88 रन बनाए, मैनचेस्टर सुपर जायंट्स 4 विकेट से जीती
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन वुमन्स टीम की ओपनर स्मृति मंधाना ने वुमन्स द हंड्रेड 2026 (Women's The Hundred 2026) में 88 रन की नाबाद पारी खेलकर मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को 4 विकेट से जीत दिलाई। यह इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा इंडिविजुअल स्कोर भी है।
सनराइजर्स ने दिया 143 रन का टारगेट
पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स लीड्स ने 100 बाॅल में 4 विकेट पर 142 रन बनाए। टीम के लिए फोएबे लिचफील्ड ने 31, एनाबेल सदरलैंड ने 35, ब्रायनी स्मिथ ने 26, लॉरेन विनफील्ड-हिल ने 17 और कप्तान डेनियल गिब्सन ने सिर्फ 6 गेंदों में 18 रन की पारी खेली।
143 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की शुरुआत तेज रही, लेकिन इसके बाद टीम लगातार विकेट गंवाती चली गई। कप्तान मेग लैनिंग 24 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि पेज स्कोलफील्ड, ऋचा घोष और मैडी विलियर्स जल्दी पवेलियन लौट गईं। एक समय टीम ने 54 बाॅल में ही 71 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे और मैच हाथ से निकलता दिख रहा था।

मंधाना ने 33 बाॅल पर फिफ्टी लगाई
ऐसे मुश्किल समय में स्मृति ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 33 बाॅल में अपनी फिफ्टी पूरी की। फिर धीरे-धीरे मैच को अपनी तरफ मोड़ दिया। ग्रेस स्क्रिवेन्स के रनआउट होने के बाद सुपर जायंट्स को आखिरी 25 बाॅल में 44 रन चाहिए थे, लेकिन स्मृति ने दबाव को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और टीम को जीत दिलाकर ही लौटीं।
दीप्ति शर्मा की बॉल पर 2 सिक्स लगाए
भारतीय स्पिनर दीप्ति शर्मा के खिलाफ मंधाना ने सिक्स लगाकर मैच का रुख बदल दिया। इसके बाद 91वीं गेंद पर उन्हें जीवनदान भी मिला, जब उनका कैच छूट गया। स्मृति ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और अगली बाॅल पर लगातार दो सिक्स लगाए। वे अपनी टीम को जीत दिलाकर नाबाद लौटीं।
मंधाना ने 88 रन की पारी खेली
स्मृति मंधाना 50 बाॅल में नाबाद 88 रन की पारी खेली। उन्होंने 7 चौके और 4 सिक्स लगाए। यह Women's The Hundred 2026 में अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। इससे पहले इस सीजन में सबसे बड़ा स्कोर 52 रन था, जिसे डैनी वायट-हॉज, जॉर्जिया वोल और सोफी डिवाइन ने बनाया था।
इसके अलावा, यह स्मृति मंधाना के The Hundred कॅरियर का भी सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले उन्होंने 2021 में साउदर्न ब्रेव के लिए खेलते हुए 78 रन बनाए थे। वहीं, किसी इंडियन बैटर का Women's The Hundred में यह दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर जेमिमा रोड्रिग्स हैं, जिन्होंने 2021 में नाबाद 92 रन बनाए थे।

