शुभमन गिल टॉस हारने के वर्ल्ड रिकॉर्ड से बचे: टेस्ट कप्तान बनने के बाद पहली बार टॉस जीता, गौतम गंभीर और बुमराह भी हुए खुश
Published: Updated:
3 min read

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शुभमन गिल को टेस्ट के साथ वनडे का भी कप्तान बना दिया है। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का दूसरा यानी आखिरी टेस्ट मैच 10 अक्टूबर से खेला जा रहा है। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हो रहा है। इस मैच में उतरने के साथ ही शुभमन गिल के लिए एक अच्छी खबर सामने आई। उन्होंने टेस्ट टीम का कप्तान बनने के बाद पहली बार टॉस जीता। इसके बाद कोच गौतम गंभीर, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह समेत पूरी टीम खुश नजर आई।
यदि इस टेस्ट मैच में भी गिल टॉस नहीं जीत पाते तो वे कप्तान बनने के बाद शुरुआती 7 टेस्ट मैच में लगातार टॉस हारने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर लेते। फिलहाल, गिल ने शुरुआती 6 टेस्ट में टॉस हारे, जबकि 7वें टेस्ट में टॉस जीत लिया।
बेवन कॉन्गडन के नाम दर्ज है ये वर्ल्ड रिकॉर्ड
कप्तान बनने के बाद लगातार सबसे ज्यादा 7 टेस्ट मैचों में टॉस हारने का वर्ल्ड रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान बेवन कॉन्गडन (Bevan Congdon) के नाम है। उनके बाद दूसरा नंबर न्यूजीलैंड के ही टॉम लैथम का है, जिन्होंने लगातार शुरुआती 6 टेस्ट में टॉस हारे थे।
शुभमन गिल ने लैथम की बराबरी कर ली है। गिल को पहली बार इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज के लिए कप्तान बनाया था। गिल सभी मैचों में टॉस हारे थे। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज के पहले मैच में टॉस गंवाया था। मगर दूसरे टेस्ट में टॉस जीत लिया।
गंभीर और बुमराह भी खुश नजर आए
टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में टॉस जीता और पहले बैटिंग का फैसला किया। उनके टॉस जीतते ही गौतम गंभीर और जसप्रीत बुमराह खुश नजर आए। इसके कई फोटोज भी वायरल हुए हैं।
टेस्ट के साथ वनडे की कप्तानी भी मिली
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने गिल को टेस्ट के साथ वनडे का भी कप्तान बना दिया है। सिलेक्शन कमेटी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय वनडे और टी20 टीम का ऐलान किया है।
इसके लिए वनडे टीम की कप्तानी रोहित शर्मा से लेकर शुभमन गिल को सौंप दी है। टी20 में भी गिल को उपकप्तान बनाया है। ऐसे में साफ है कि गिल आने वाले समय में तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के कप्तान बन सकते हैं।
टीम इंडिया : प्लेइंग XI
यशस्वी जायसवाल, लोकेश राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, नितिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
वेस्टइंडीज : प्लेइंग XI
तेगनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैम्पबेल, एलिक अथांजे, साई होप (विकेटकीपर), रोस्टन चेज (कप्तान), तेविन एमलेक, जस्टिन ग्रीव्स, कैरी पियरे, जॉमेल वेरिकन, एंडरसन फिलिप और जायडेन सील्स।

