अय्यर के बाद गिल भी बाहर: कप्तान-उपकप्तान दोनों साउथ अफ्रीका से वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे, जानिए कौन संभालेगा कमान
Published:
3 min read

साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में शुभमन गिल को गर्दन में चोट लगी थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय अपने घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रही है। इसके बाद दोनों टीमों के बीच 3 वनडे और 5 टी20 की सीरीज होनी है। इससे पहले एक बड़ी खबर सामने आ रही है। वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर दोनों ही अगली वनडे सीरीज नहीं खेल सकेंगे।
यह दावा स्पोर्ट्स तक ने अपनी रिपोर्ट में किया है। गिल और अय्यर चोट के कारण टीम से बाहर हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, गिल की चोट में अभी ज्यादा इम्प्रूवमेंट नहीं है। जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज का पहला वनडे 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा।
पंत या राहुल को मिल सकती है कप्तानी
वनडे के बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज भी खेली जाएगी। गिल का इस सीरीज में भी खेलना मुश्किल लग रहा है। टी20 फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव संभाल रहे हैं। वनडे और टेस्ट में गिल ही कप्तान हैं।
गिल की गैरमौजूदगी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी टेस्ट में ऋषभ पंत को कप्तानी दी गई है। वनडे में गिल की जगह पंत और केएल राहुल दो दावेदार हैं। इनमें राहुल की दावेदारी ज्यादा मजबूत दिख रही है। वनडे और टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान 23 नवंबर को होगा।
कोलकाता टेस्ट में चोटिल हुए थे गिल
साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में गिल को गर्दन में चोट लगी थी। उन्हें तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा था। हालांकि एक दिन बाद ही गिल को हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई थी।
गिल कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में बैटिंग के लिए आए थे, लेकिन 3 बॉल पर 4 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। तीसरी बॉल पर स्वीप शॉट खेलने के दौरान ही उन्हें गर्दन में दर्द हुआ। वे मैदान से बाहर गए और दोनों पारी में बैटिंग के लिए दोबारा नहीं आए।
गिल को रिटायर्ड आउट करार दिया गया। गिल बीच मैच से बाहर हुए थे। उनकी जगह रवींद्र जडेजा ने कप्तानी संभाली थी।
कैच लेते समय लगी थी चोट
अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी वनडे में चोट लगी थी। 25 अक्टूबर को हुए इस मैच में उन्होंने पीछे की तरफ भागते हुए कैच पकड़ा था। इसी दौरान अय्यर बुरी तरह गिरे और उनकी पसलियों में गंभीर चोट आई। उनकी स्कैन और मेडिकल रिपोर्ट्स से इंटरनल ब्लीडिंग का पता लगा। उन्हें ICU में भर्ती करके तुरंत इलाज किया गया था।
अय्यर अपने घर लौट आए हैं, लेकिन डॉक्टर की निगरानी में इलाज चल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अय्यर का एक और USG स्कैन होगा। इसके बाद ही वे रिहैब शुरू कर सकेंगे।

