विंबलडन के रॉयल बॉक्स में नजर आए शुभमन: जोकोविच और सिनर का मैच देखा, सचिन तेंदुलकर साथ थे; फेडरर के साथ तस्वीर भी ली
Published:
3 min read

विंबलडन में गिल और फेडरर की मुलाकात ने बटोरी सुर्खियां।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड दौरे पर मौजूद भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल इस बार सिर्फ क्रिकेट की वजह से नहीं, बल्कि विंबलडन में अपनी मौजूदगी को लेकर भी चर्चा में हैं। गिल ने लंदन के सेंटर कोर्ट में टेनिस के महान खिलाड़ी रोजर फेडरर से मुलाकात की। दोनों की बातचीत की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
इंडिया टीम 14 जुलाई से शुरू होने वाली इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज की तैयारी कर रही है। इसी बीच शुभमन गिल ने अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर विंबलडन का मुकाबला देखा। उन्हें लंदन के मशहूर रॉयल बॉक्स में बैठने का इनविटेशन मिला, जहां उनके साथ क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और उनकी पत्नी अंजलि तेंदुलकर भी मौजूद थे।
विंबलडन के दौरान गिल की मुलाकात टेनिस के रोजर फेडरर से हुई। दोनों की बातचीत की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। फैंस इस मुलाकात को लेकर अलग-अलग अंदाजा लगा रहे हैं और जानना चाहते हैं कि दोनों के बीच क्या चर्चा हुई।
विराट और रोहित भी इस लिस्ट में शामिल
शुभमन गिल रॉयल बॉक्स में बैठने वाले भारत के चुनिंदा कप्तानों में शामिल हो गए हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और रोहित शर्मा को यह सम्मान मिल चुका है।

विंबलडन ने सचिन के लिए पोस्ट किया
गिल ने अपने X अकाउंट पर सचिन और अंजलि तेंदुलकर के साथ रॉयल बॉक्स की तस्वीर भी साझा की, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया। विंबलडन के ऑफिसियल एक्स अकाउंट ने भी सचिन तेंदुलकर की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि "क्रिकेट के शाही खिलाड़ी का रॉयल बॉक्स में फिर से स्वागत है।
इससे पहले शुभमन गिल ने ब्रिटिश ग्रां प्री के दौरान पहली बार फॉर्मूला-1 रेस का भी लुत्फ उठाया था। उन्होंने सिल्वरस्टोन सर्किट का दौरा किया, पैडॉक देखा और कई मशहूर लोगों से मुलाकात भी की। अब उनकी नजर 14 जुलाई से शुरू होने वाली इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज पर है।

सिनर ने जोकोविच का सपना तोड़ा, फाइनल में बनाई जगह
मौजूदा चैंपियन यानिक सिनर ने विंबलडन 2026 के सेमीफाइनल में नोवाक जोकोविच को 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर लगातार दूसरे साल फाइनल में जगह बना ली। 39 साल के जोकोविच रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का सपना लेकर उतरे थे, लेकिन दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी सिनर ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। वही दूसरे सेमीफाइनल में अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने ब्रिटेन के आर्थर फेरी को 7-6 (7-0), 6-2, 6-4 से हराकर पहली बार विंबलडन फाइनल में जगह बनाई। जेंटलमैन्स सिंगल्स फाइनल रविवार, 12 जुलाई को होगा।

