रोहित-कोहली से सलाह लेंगे गिल: शुभमन बोले- उनके साथ टीम की कमान संभालना सम्मान की बात; रोहित से रिश्ते पहले की तरह बेहतर
Published:
3 min read

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच से पहले मीडिया से बातचीत की।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे सीरीज का पहला मैच 19 अक्टूबर को खेला जाएगा। रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी गई है। मैच से पहले गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, मैं रोहित और विराट कोहली से सलाह लूंगा। उनकी मौजूदगी में टीम की कमान संभालना अपने लिए सम्मान की बात है।
टेस्ट में कप्तानी संभालने के बाद गिल को पहली बार वनडे की भी कप्तानी सौंपी गई है। हाल ही में गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2-0 से टेस्ट सीरीज जीती है।
रोहित-कोहली आईडियल रहे
गिल ने कहा- ये वही खिलाड़ी हैं, जिन्हें मैं बचपन से आइडियल मानता था। उनके अंदर जो भूख और जज्बा था, वो मुझे इंस्पायर करता था। ऐसे महान खिलाड़ियों की कप्तानी करना और उनसे सीखना मेरे लिए गर्व की बात है। इस सीरीज में कई मौके ऐसे आएंगे, जब मुझे उनके अनुभव से सीखने को मिलेगा। जब मैच किसी मुश्किल कंडीशन में होता तो उनसे मदद लेने में मुझे कोई हिचकिचाहट नहीं होगी।
गिल ने आगे कहा - जब मैं दोनों के अंडर खेलता था, तब मैंने कई चीजें देखी और सीखीं। जैसे कि वे खिलाड़ियों से कैसे बात करते हैं और किस तरह टीम के साथ कम्युनिकेशन रखते हैं। इन सब ने मुझे अपने खेल में बेस्ट परफॉर्मेंस दिखाने में मदद की। बतौर कप्तान मैं भी वैसा ही लीडर बनना चाहता हूं, जहां मेरे सभी खिलाड़ी सेफ्टी महसूस करें और उन्हें साफ समझ में आए कि मैं उनसे क्या चाहता हूं।
रोहित भाई के साथ आज भी पहले जैसे रिश्ते हैं
रोहित की जगह कप्तान बनाने पर गिल ने कहा - बाहर जो बातें हो रही हैं, वो सच से काफी अलग हैं। हमारे बीच कोई बदलाव नहीं आया है। हमारी बॉन्डिंग पहले जैसी ही है। वो हमेशा मदद करते हैं। अगर उन्हें कुछ कहना होता है तो खुलकर कहते हैं, अगर मुझे कुछ समझना होता है तो मैं खुद उनके पास जाकर सलाह लेता हूं। पूछता हूं कि ऐसी स्थिति में वो क्या करते।
सीरीज के लिए दोनोंं के वनडे स्क्वॉड
भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा,मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) और यशस्वी जायसवाल।
ऑस्ट्रेलिया टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, मैथ्यू कूहनेमैन, मार्नस लाबुशेन, मिचेल ओवेन, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ, मैथ्यू शॉर्ट और मिचेल स्टार्क।
दूसरे वनडे से जुड़ेंगे: एडम जाम्पा, एलेक्स कैरी और जोश इंग्लिस।


