शुभमन गिल ODI टीम के भी कप्तान: ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए वनडे-टी20 टीम का ऐलान, 7 महीने बाद कोहली-रोहित की वापसी; पंड्या बाहर
Published: Updated:
3 min read

शुभमन गिल को वनडे टीम में कप्तान और टी20 में उपकप्तान बनाया है। सूर्यकुमार यादव टी20 में कप्तान हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम को अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे और टी20 की सीरीज खेलनी है। इसके लिए आज (4 अक्टूबर) दोनों टीम का ऐलान हो गया है। रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को वनडे टीम की कप्तानी मिल गई है। ऑस्ट्रेलिया सीरीज से ही गिल इसका आगाज करेंगे।
इस वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड में रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी चुना गया है। इन दोनों ने टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट फॉर्मेट से पहले ही संन्यास ले लिया है। अब यह दोनों सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेल रहे हैं। दोनों का टारगेट वनडे वर्ल्ड कप 2027 खेलना है। कोहली-रोहित की 7 महीने बाद टीम में वापसी हुई है।
गिल को पहले ही टेस्ट कप्तानी मिल चुकी है
ऑस्ट्रेलिया और भारतीय टीम के बीच सीरीज का पहला वनडे मैच 19 अक्टूबर को पर्थ में खेला जाएगा। ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के बाद कोहली-रोहित का टीम इंडिया के लिए यह पहला मैच होगा। दोनों ने 9 मार्च 2025 को चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था। फिर मई में टेस्ट से संन्यास ले लिया था।
शुभमन गिल को पहले ही टेस्ट टीम की कमान सौंपी जा चुकी है। उनकी कप्तानी में पहली टेस्ट सीरीज इसी साल जून-जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर खेली थी। यह 5 टेस्ट की सीरीज 2-2 से बराबर रही थी। अभी टीम इंडिया अपने घर में वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज खेल रही है।
चोट के कारण हार्दिक पंड्या बाहर
हार्दिक पंड्या इस पूरे ऑस्ट्रेलिया दौरे से बाहर रहेंगे। उन्हें पिछले महीने एशिया कप 2025 फाइनल से ठीक पहले चोट लगी थी। पंड्या को मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत थी। इस कारण वे फाइनल नहीं खेले थे। अब ऑस्ट्रेलिया दौरे से भी बाहर रहेंगे।
श्रेयस अय्यर को वनडे में मिली उपकप्तानी
शुभमन गिल को वनडे टीम में कप्तान और टी20 में उपकप्तान बनाया है। सूर्यकुमार यादव टी20 में कप्तान हैं। संजू सैमसन सिर्फ टी20 टीम में चुने गए। जसप्रीत बुमराह को भी सिर्फ टी20 टीम में चुना गया है।
श्रेयस अय्यर के लिए अच्छी खबर है कि उन्हें वनडे टीम का उपकप्तान बनाया गया है। वनडे में बुमराह की गैरमौजूदगी में प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और हर्षित राणा तेज गेंदबाजी की कमान संभालेंगे।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए भारतीय वनडे स्क्वॉड
शुभमन गिल(कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा,मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) और यशस्वी जायसवाल।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए भारतीय टी20 स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंंकू सिंह और वॉशिंगटन सुंदर।
ऑस्ट्रेलिया दौरे का फुल शेड्यूल
वनडे सीरीज
19 अक्टूबर: पहला वनडे, पर्थ
23 अक्टूबर: दूसरा वनडे, एडिलेड
25 अक्टूबर: तीसरा वनडे, सिडनी
टी20 सीरीज
पहला टी20: 29 अक्टूबर, कैनबरा
दूसरा मैच: 31 अक्टूबर, मेलबर्न
तीसरा मैच: 2 नवंबर, होबार्ट
चौथा मैच: 6 नवंबर, गोल्ड कोस्ट
पांचवां मैच: 8 नवंबर, ब्रिस्बेन

