रोहित की कप्तानी गई, अब सूर्या की भी जाएगी: चीफ सिलेक्टर अगरकर बोले- तीनों फॉर्मेट में एक ही कप्तान चाहते हैं; मतलब ये कि गिल के लिए ही ‘शुभ-मन’
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय वनडे और टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। सिलेक्शन कमेटी ने वनडे टीम की कप्तानी रोहित शर्मा से लेकर शुभमन गिल को सौंप दी है। शनिवार (4 अक्टूबर) को चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने इशारों में क्लियर कर दिया है कि रोहित शर्मा ने कप्तानी छोड़ी नहीं बल्कि उनसे ली गई है।
अगरकर ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब टी20 फॉर्मेट में सूर्यकुमार यादव भी ज्यादा समय तक कप्तान नहीं रह पाएंगे। हो सकता है कि फरवरी-मार्च 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले या ठीक उसके बाद सूर्या की जगह शुभमन गिल को टी20 फॉर्मेट की कप्तानी भी सौंप दी जाए।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर पूरा फोकस
दरअसल, टीम के ऐलान के ठीक बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अगरकर ने कहा कि भारतीय बोर्ड और सिलेक्शन कमेटी तीनों फॉर्मेट (वनडे, टेस्ट, टी20) में अलग-अलग कप्तान रखने के मूड में नहीं है। इस बयान से साफ है कि रोहित से कप्तानी ली गई है। अब सूर्या की कप्तानी भी हाशिए पर हैं।
अगरकर ने कहा- तीनों फॉर्मेट के लिए 3 अलग कप्तान रखना ठीक नहीं है। वनडे क्रिकेट इस समय सबसे कम खेला जाने वाला फॉर्मेट है। हमारा पूरा फोकस अभी अगले टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर है। गिल को एडजस्ट होने के लिए समय देना चाहते हैं।'
रोहित-कोहली ने फिटनेस टेस्ट पास किया है
अगरकर ने कहा कि रोहित और कोहली वर्ल्ड कप 2027 में खेलने के लिए प्रतिबद्ध नहीं हैं। यह दोनों यदि फ्री रहते हैं तो उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलना ही होगा। चीफ सिलेक्टर ने कहा कि यह टीम सिर्फ ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए ही सिलेक्ट की गई है। इसके बाद क्या होता है यह कोई नहीं जानता।
रोहित और कोहली की फिटनेस को लेकर अगरकर ने कहा- दोनों ने टीम में शामिल होने के लिए फिटनेस समेत सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। हम हमेशा ही सिलेक्टेड प्लेयर्स के नाम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) को भेजते हैं और उनकी फिटनेस के बारे में पता करते हैं।'
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए भारतीय वनडे स्क्वॉड
शुभमन गिल(कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा,मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) और यशस्वी जायसवाल।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए भारतीय टी20 स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंंकू सिंह और वॉशिंगटन सुंदर।

