शुभमन गिल को अस्पताल में भर्ती कराया: कोलकाता टेस्ट से बाहर हुए; पहली पारी में स्वीप शॉट खेलते समय गर्दन में चोट लगी थी
Published:
2 min read

भारतीय कप्तान शुभमन गिल पहली पारी में बैटिंग के लिए आए थे, लेकिन 4 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। उन्हें गर्दन में दर्द की शिकायत थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए कोलकाता टेस्ट के बीच भारतीय टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आई। मैच के दूसरे दिन स्वीप शॉट खेलते समय भारतीय कप्तान शुभमन गिल को गर्दन में चोट लगी थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। गिल अब भी हॉस्पिटल में एडमिट हैं और उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
यह जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है। साथ ही BCCI ने बताया है कि चोट के कारण गिल कोलकाता टेस्ट से बाहर हो गए हैं। ऐसे में टीम इंडिया ने यह टेस्ट 10 खिलाड़ियों के साथ ही खेला।
दूसरे दिन तुरंत हॉस्पिटल ले गए थे
BCCI ने पोस्ट में लिखा- साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन कप्तान शुभमन गिल को गर्दन में चोट लगी थी। दिन का खेल खत्म होने के बाद गिल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया था। उन्हें अब भी हॉस्पिटल में ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
बोर्ड ने आगे लिखा- गिल अब कोलकाता टेस्ट का हिस्सा नहीं हैं यानी वे बीच मैच से बाहर हो गए हैं। उन्हें BCCI मेडिकल टीम की निगरानी में रखा जाएगा।
गिल पहली पारी में 4 रन ही बना सके
भारतीय कप्तान शुभमन गिल पहली पारी में बैटिंग के लिए आए थे, लेकिन 4 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। उन्हें गर्दन में दर्द की शिकायत थी। गिल बैटिंग के लिए दोबारा नहीं आए और उन्हें रिटायर्ड आउट करार दिया गया। उनकी जगह रवींद्र जडेजा ने कप्तानी संभाली।
साउथ अफ्रीका 30 रन से मैच जीती
मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम पहली पारी में 159 रन पर ऑलआउट हुई। इसके बाद दूसरे दिन भारतीय टीम पहली पारी में 189 रन ही बना सकी। फिर साउथ अफ्रीकी टीम ने दूसरी पारी में 153 रन बनाकर 124 रन का टारगेट सेट किया। जवाब में भारतीय टीम 93 रन पर सिमट गई और 30 रन से मैच गंवा दिया।
मैच में भारतीय प्लेइंग-11:
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, अक्षर पटेल, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह।
मैच में साउथ अफ्रीका की प्लेइंग-11:
एडेन मार्करम, रेयान रिकेल्टन, टोनी डी जॉर्जी, टेम्बा बावुमा (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरेन (विकेटकीपर), मार्को यानसेन, साइमन हार्मर, केशव महाराज, कॉर्बिन बॉश और वियान मुल्डर।

