मैनचेस्टर टेस्ट-1147: शुभमन गिल बोले- चौथे टेस्ट में पंत ही विकेटकीपिंग करेंगे, हमारे बाॅलर्स में 20 विकेट लेने की काबिलियत
Published:
2 min read

तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी में पंत 6 पारी में 425 रन बना चुके हैं। (फोटो क्रेडिट: सोशल मीडिया)
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैच की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाना है। मैच से पहले कप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें विकेटकीपर ऋषभ पंत की फिटनेस पर भी जानकारी दी। कप्तान ने कहा- ऋषभ पंत ही चौथे टेस्ट में भी विकेटकीपिंग करेंगे। पंत को लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान उंगली में चोट लग गई थी। इसके चलते ध्रुव जुरेल ने उनकी जगह विकेटकीपिंग की थी।
गिल ने कहा- लॉर्ड्स टेस्ट में उंगली में चोट की वजह से पंत सिर्फ 35 ओवर ही कीपिंग कर सके थे। अब वे पूरी तरह फिट हैं और विकेट के पीछे जिम्मेदारी संभालेंगे। तीसरे टेस्ट में पंत ने पहली पारी में 74 और दूसरी में 9 रन बनाए थे।
दो घंटे तक प्रैक्टिस
पंत पूरी तरह फिट हैं। सोमवार को उन्होंने नेट्स पर दो घंटे बिताए। इससे यह साफ हो जाता है कि वो मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। उनकी वापसी से टीम इंडिया की बल्लेबाजी को भी मजबूती मिलेगी।
पंत की वापसी से टीम को राहत मिली है, क्योंकि कुछ और खिलाड़ी चोट के चलते बाहर हो चुके हैं। इनमें ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी तो बाकी दो टेस्ट खेल ही नहीं सकेंगे। आकाशदीप भी इंजर्ड हैं। वो भी प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं होंगे। इस सीरीजी में पंत शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 6 पारी में 70.83 की एवरेज से 425 रन बनाए हैं। इसमें 2 शतक और 2 फिफ्टी शामिल हैं। पंत के आने से टीम इंडिया की बल्लेबाजी में डेप्थ आएगी।
हमारे बाॅलर 20 विकेट ले सकते हैं
एक सवाल के जवाब में गिल ने कहा- हमारी बॉलिंग कमजोर नहीं है। टीम के पास एक्सपीरिएंस्ड बॉलिंग अटैक है। जब जिस प्लेयर को मौका मिलेगा, वो परफॉर्म करेगा। हमारे बॉलर किसी भी सिचुएशन में 20 विकेट लेने की काबिलियत रखते है।

