शुभमन को बचपन से जानते हैं सिमरजीत: UAE की तरफ से मैदान में उतरेंगे, कहा- सिख होने पर फख्र है
Published:
3 min read

UAE के स्पिनर सिमरजीत सिंह ने शुभमन गिल को बचपन का दोस्त बताया।।फोटो क्रेडिट/kangsimranjeetsingh
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 की शुरुआत हो चुकी है। दूसरा मैच 10 सितंबर को टीम इंडिया और UAE के बीच खेला जाएगा। इस बीच UAE के स्पिनर सिमरजीत सिंह का बयान वायरल हो रहा है। उन्होंने शुभमन गिल को बचपन का दोस्त बताया। सिंह कहते हैं- मेरे लिए भारत के खिलाफ मैच सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि यादें ताजा करने का मौका भी है। उन्होंने कहा- मैं शुभमन गिल को बचपन से जानता हूं।
सिमरजीत मूल रूप से पंजाब के लुधियाना जिले के रहने वाले हैं। सिमरजीत कहते हैं- मुझे 12 साल का वो लड़का याद है जो मोहाली के नेट्स पर ट्रेनिंग लिए आता था। ये और कोई नहीं बल्कि टीम इंडिया के वाइस कैप्टन शुभमन गिल हैं।
पता नहीं गिल मुझे याद करते हैं या नहीं
एक इंटरव्यू में सिंह ने कहा- मैं शुभमन को बचपन से जानता हूं। मुझे नहीं पता कि वो मुझे याद करता है या नहीं। यह बात 2011-12 के आसपास की है, जब शुभमन 11 या 12 साल का होगा। वह अपने पापा के साथ पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) मोहाली में नेट्स के लिए आता था। हम सुबह 6 बजे से 11 बजे तक प्रैक्टिस करते थे। मैं देर तक अकादमी में प्रैक्टिस करता था। तब मैंने शुभमन को बहुत बॉलिंग की थी।

2021 में दुबई आया था
सिमरजीत कहती हैं - 2021 में दुबई 20 दिन की प्रैक्टिस के लिए आया था। लेकिन कोविड की दूसरी वेब के कारण लॉकडाउन लग गया। इसके बाद मैं यहीं रुक गया।
जूनियर प्लेयर को कोचिंग दी
सिमरजीत आगे कहते हैं- 2021 में दुबई में मैंने जूनियर प्लेयर्स को कोचिंग देना शुरू किया। इससे अच्छी कमाई होने लगी और परिवार का गुजारा चलता रहा। UAE के लिए क्वालीफाई करने के लिए तीन डोमेस्टिक सीजन खेलना पड़ता है। जैसे ही यह पूरा हुआ कोच लालचंद राजपूत से संपर्क किया और ट्रायल मांगा। UAE टीम में आने के बाद मुझे एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड से सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट मिला और अब सब ठीक चल रहा है। UAE बहुत शानदार देश है।
मजहब मेरी पहचान
सिमरजीत कहते हैं- मैं सिख हूं। UAE में धर्म का पालन करने की पूरी तरह छूट है। किसी को मेरी दाढ़ी, मेरे कड़े या पगड़ी से कोई दिक्कत नहीं है। अगर मुझे कोई दिक्कत होती तो मैं UAE टीम से नहीं खेल सकता था। मेरे लिए मेरे धर्म का सम्मान पहले है। किसी ने उनसे पूछा - आपका परिवार किसका सपोर्ट करेगा? तब उन्होंने कहा - ये सवाल थोड़ा मुश्किल है। मेरा सपना तो भारत के लिए खेलने का था, लेकिन अब मैं UAE के लिए खेल रहा हूं तो लगता है परिवार भी UAE को ही सपोर्ट करेगा।
12 T20I इंटरनेशनल खेले
सिमरजीत ने अब तक 12 टी20 इंटरनेशनल में 15 विकेट लिए हैं। इकॉनमी रेट 6 से कम है। हाल ही में 5 सितंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ ट्राई सीरीज में उन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लिया। इसमें 11 डॉट गेंदें शामिल थीं।
पंजाब किंग्स के लिए नेट बॉलर
सिमरजीत कहते हैं - मैंने पंजाब में बहुत जिला क्रिकेट खेला। 2017 में रणजी की संभावित टीम में शामिल हुआ। मैंने किंग्स इलेवन पंजाब (पंजाब किंग्स) के लिए मोहाली में नेट्स पर खूब गेंदबाजी की थी। लेकिन सिलेक्शन न होने पर लगा भारत के लिए खेलने का सपना शायद सपना ही रहेगा।

