रोहित की जगह श्रेयस बन सकते हैं वनडे के कप्तान: रिपोर्ट- ऑस्ट्रेलिया सीरीज से मिलेगी कमान, एशिया कप के बाद फैसला
Published:
3 min read

38 साल के रोहित शर्मा ने टेस्ट और T20I से संन्यास ले लिया है। वे वनडे खेल रहे हैं। श्रेयस अय्यर ने IPL में शानदार कप्तानी की है। (BCCI)
एशिया कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान होने और शुभमन गिल को कप्तानी मिलने के बाद एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए रोहित शर्मा की जगह श्रेयस अय्यर को वनडे फॉर्मेट की कमान सौंपी जा सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) एशिया कप के बाद इस मामले में बड़ा फैसला ले सकता है।
दरअसल, एशिया कप के बाद भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेलनी है। इसके बाद अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे और टी20 सीरीज होनी है।
श्रेयस को वर्ल्ड कप तक कप्तानी मिल सकती है
रिपोर्ट्स की मानें तो BCCI एशिया कप के बाद रोहित और विराट कोहली दोनों ने उनके वनडे भविष्य को लेकर बात करेगा। यदि 38 साल के रोहित कप्तानी छोड़ते हैं तो श्रेयस को कमान सौंप दी जाएगी। उन्हें कम से कम वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक कप्तान बनाया जाएगा। श्रेयस कप्तानी की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया दौरे से कर सकते हैं।
मिडिल ऑर्डर बैटर ने IPL में शानदार कप्तानी की
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में श्रेयस ने शानदार कप्तानी की है। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 2024 सीजन में खिताब जिताया। पंजाब किंग्स (PBKS) को अपनी कप्तानी में 2025 सीजन के फाइनल तक पहुंचाया। हालांकि यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों शिकस्त मिली थी।
मिडिल ऑर्डर बैटर श्रेयस ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) की भी कप्तानी की है। उन्होंने इस टीम को IPL 2020 सीजन के फाइनल में पहुंचाया था। तब मुंबई इंडियंस (MI) से हार मिली थी। ऐसे में श्रेयस ने IPL में कप्तानी से सभी को प्रभावित किया है।
गिल को तीनों फॉर्मेट की कप्तानी देना ठीक नहीं
शुभमन गिल को टेस्ट की कमान सौंपी गई है। हाल ही में गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज 2-2 से ड्रॉ खेली है। अब एशिया कप में गिल को उपकप्तानी दी गई है। यह टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। गिल का वनडे में भी शानदार बैटिंग रिकॉर्ड है, लेकिन टाइट इंटरनेशनल शेड्यूल के चलते उन्हें इस फॉर्मेट में कप्तानी नहीं दी जाएगी।
एक खिलाड़ी के लिए वर्कलोड मैनेजमेंट भी जरूरी होता है। तीनों फॉर्मेट में लगातार खेल पाना उसके लिए मुश्किल हो सकता है। BCCI सूत्र ने कहा कि टाइट इंटरनेशनल शेड्यूल के बीच गिल को तीनों फॉर्मेट की कप्तानी देना प्रैक्टिकली ठीक नहीं रहेगा। तीनों फॉर्मेट में लगातार खेलना और कप्तानी करना बेहद मुश्किल होगा।

