वेस्टइंडीज ODI सीरीज से बाहर होंगे श्रेयस अय्यर: एशियन गेम्स में संभालेंगे टीम की कमान, जानिए मामला
Published:
3 min read

श्रेयस अय्यर वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज से बाहर रहेंगे। इसकी वजह जापान में होने वाले 2026 एशियन गेम्स और वनडे सीरीज की तारीखों में टकराव है।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडिया टीम के सामने सितंबर-अक्टूबर में एक दिलचस्प स्थिति रहेगी। एक ही समय पर भारत की दो अलग-अलग टीमें दो देशों में खेलती नजर आएंगी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टी20 टीम एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेगी, जबकि इसी दौरान भारतीय वनडे टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खेलेगी। अय्यर एशियन गेम्स में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे, इसलिए वह वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
एशियन गेम्स में सीधे क्वार्टर फाइनल खेलेगा भारत
एशियन गेम्स 2026 के मेन्स क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। भारतीय टीम 28 सितंबर को क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलेगी। इसके बाद सेमीफाइनल 1 अक्टूबर को होगा, जबकि मेडल राउंड के मुकाबले 3 अक्टूबर को जापान के आइची-नागोया में खेले जाएंगे।
एशियन गेम्स में क्रिकेट के मुकाबले टी20 फॉर्मेट में होंगे। भारतीय मेन्स टीम के 22 सितंबर से पहले जापान पहुंचने की उम्मीद है। इसी दौरान श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम का मुकाबला मेजबान जापान से भी होगा।

3 अक्टूबर को दो देशों में खेल सकती हैं भारत की दो टीमें
इस पूरे कार्यक्रम की सबसे खास बात 3 अक्टूबर की तारीख है। इसी दिन भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा वनडे न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। वहीं, एशियन गेम्स का मेडल राउंड भी जापान में होगा।
अगर भारतीय टीम एशियन गेम्स के फाइनल में पहुंचती है, तो 3 अक्टूबर को भारत की दो टीमें एक ही दिन दो अलग-अलग देशों में खेलती नजर आएंगी। एक टीम जापान में एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश करेगी, जबकि दूसरी टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मुकाबला खेलेगी।

BCCI अध्यक्ष ने एशियन गेम्स टीम को दी शुभकामनाएं
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने एशियन गेम्स 2026 में जाने वाले भारत के पूरे दल को शुभकामनाएं दी हैं। मन्हास ने ANI से कहा कि वह सिर्फ क्रिकेट टीम ही नहीं, बल्कि एशियन गेम्स में जाने वाले पूरे भारतीय दल को शुभकामनाएं देते हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और देश के लिए गोल्ड मेडल जीतकर लौटेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि टीम ने काफी मेहनत की है और खिलाड़ियों के अंदर जीतने का उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। इसलिए उन्हें भरोसा है कि भारतीय खिलाड़ी गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन करेंगे।

एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत की क्रिकेट टीम
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं।
संजू सैमसन और ईशान किशन को विकेटकीपर के तौर पर टीम में जगह मिली है। इस टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण देखने को मिल रहा है। श्रेयस अय्यर की अगुवाई में भारतीय टीम एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के इरादे से उतरेगी।

