श्रेयस अय्यर ने टेस्ट क्रिकेट से ब्रेक लिया: पीठ में अकड़न और थकान; ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ ऐन वक्त पर मैच छोड़ा
Published:
2 min read

श्रेयस अय्यर ने बताया कि पीठ में अकड़न और थकान के कारण रेड बॉल फॉर्मेट से ब्रेक लिया है। (@UPCA)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम के मिडिल ऑर्डर बैटर श्रेयस अय्यर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। उन्होंने अचानक से रेड बॉल फॉर्मेट (टेस्ट) से ब्रेक ले लिया है। अय्यर ने इसको लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और सिलेक्शन कमेटी को लेटर लिखा है। अय्यर ने बताया कि उनकी पीठ में अकड़न है। साथ ही उन्हें थकान भी है।
यह दावा इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में किया है। दरअसल, इंडिया-ए टीम इस समय अपने घर में ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ 2 मैच की सीरीज खेल रही है। यह मुकाबले 4 दिवसीय हैं। इसमें श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया था।
ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ दूसरा मैच नहीं खेले
पहला मैच ड्रॉ रहा था। दूसरा मुकाबला मंगलवार (23 सितंबर) से लखनऊ में खेला जा रहा है। इसमें अय्यर को आराम दिया गया। उनकी जगह ध्रुव जुरेल कप्तानी संभाल रहे हैं। इसी बीच रिपोर्ट में दावा किया गया कि अय्यर ने BCCI को लेटर लिखकर रेड बॉल फॉर्मेट से कुछ महीनों के लिए ब्रेक ले लिया है।
फिजियो-ट्रेनर की मदद से फिटनेस जांचेंगे
भारतीय बोर्ड के सूत्र ने कहा- उन्होंने (अय्यर) हमें पहले ही बता दिया है कि वे रेड बॉल क्रिकेट से ब्रेक ले रहे हैं। यह अच्छी बात है कि उन्होंने सबकुछ क्लियर कर दिया है। इससे सिलेक्टर्स उनके भविष्य को लेकर क्लियर हैं। वे कुछ महीने रेड बॉल फॉर्मेट नहीं खेलेंगे।
श्रेयस अय्यर ने BCCI को बता दिया है कि वे अगले कुछ महीनों में फिजियो और ट्रेनर के साथ समय बिताएंगे। साथ ही अपनी फिटनेस और बॉडी को जांचेंगे।
अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज
अक्टूबर के शुरुआत में भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज खेलनी है। पहला मुकाबला 2 अक्टूबर से अहमदाबाद में होगा। ऐसे में टीम सिलेक्शन के दौरान श्रेयस के नाम पर विचार नहीं किया जाएगा। टीम की कप्तानी शुभमन गिल ही करते नजर आएंगे।

