श्रेयस अय्यर अब पहले से बेहतर : सूर्या बोले- मैसेज का जवाब दे रहे; BCCI ने कहा- अय्यर अब रिकवर हो रहे
Published:
3 min read

अय्यर को सिडनी में शनिवार को खेले गए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी वनडे में एलेक्स कैरी का कैच लेते वक्त रिब केज यानी पसलियों में गंभीर चोट आई थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के वाइस कैप्टन श्रेयस अय्यर खतरे से बाहर हैं। इस बात का खुलासा टीम इंडिया के टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने किया है। सूर्या ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि श्रेयस और उनकी फोन पर बातचीत हुई है। वे पहले से बेहतर हैं।
मंगलवार को अय्यर की दोबारा स्कैनिंग हुई। BCCI का कहना है कि आज जो रिपोर्ट आई, उसमें सुधार दिख रहा है। फिलहाल वे रिकवरी मोड पर हैं।
दरअसल, अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में रिब केज में चोट लगी थी। इसके बाद उन्हें हॉस्पिटल के ICU वॉर्ड मेंं भर्ती कराया गया था। सोमवार को उन्हें ICU से बाहर शिफ्ट कर दिया गया। BCCI वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने भी कहा कि उन्हें ICU से निकालकर प्राइवेट रूम में शिफ्ट कर दिया गया है।

सूर्या ने कहा- जब मुझे पहले दिन पता चला कि श्रेयस चोटिल हो गया है, तो मैंने उसे तुरंत फोन किया। लेकिन पता चला कि उसके पास फोन नहीं है। फिर मैंने फिजियो से बात की, उन्होंने बताया कि वह ठीक-ठाक है। पहले दिन कुछ साफ नहीं था, लेकिन पिछले दो दिनों से मेरी उससे बात हो रही है और अब वह फोन पर मैसेज का जवाब भी दे रहा है। इसका मतलब है कि वह ठीक है। डॉक्टर उसके साथ हैं और उसकी हालत सुधर रही है। अगले कुछ दिनों तक वह डॉक्टरों की देखरेख में रहेगा, लेकिन अच्छी बात है कि अब वह बातचीत कर पा रहा है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा - श्रेयस ICU से बाहर है और उन्हें प्राइवेट रूम में शिफ्ट किया गया है। डॉक्टर और फिजियो उनकी लगातार देखरेख कर रहे हैं। उनकी कंडीशन पहले से बेहतर है, हालांकि उन्हें अभी कुछ दिन और हॉस्पिटल में एडमिट रहना होगा।
इंटरनल ब्लीडिंग से दिक्कत बढ़ी
श्रेयस ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में पीछे की तरफ भागते हुए कैच पकड़ा था। इसके बाद उनकी कोहनी और घुटना पसलियों से टकराया था। इसके बाद पसलियों में गंभीर चोट आई थी। उनकी बाईं पसली में चोट है। उनकी स्कैन और मेडिकल रिपोर्ट्स से इंटरनल ब्लीडिंग का पता लगा।
वापसी का इंतजार लंबा होगा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले माना जा रहा था कि श्रेयस तीन हफ्ते में वापसी कर सकते हैं। हालांकि, अब जो उनका हेल्थ स्टेटस आ रहा है, उससे लगता है कि यह इंतजार अब लंबा होगा। हालांकि कितना वक्त लगेगा यह बताना अभी मुश्किल होगा। इस बारे में बोर्ड ही अपडेट देगा। माना जा रहा है कि कम से कम एक हफ्ते तो अभी उन्हें सिडनी के हॉस्पिटल में ही रहना होगा। इसके बाद वह भारत लौटेंगे और रिकवरी करेंगे। वैसे भी उनके पास अभी काफी वक्त है क्योंकि वह टी-20 टीम का हिस्सा नहीं हैं, जो ऑस्ट्रेलिया में पांच मैच की सीरीज खेलेगी।

