हर मैच में स्थिति बदलती रही: कप्तान श्रेयस बोले- टीम खुद को ढाल नहीं पाई, इसलिए 4-0 से हारे
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड के खिलाफ 4-0 से T20 सीरीज हारने के बाद भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने माना कि कई गलतियां हुईं। उन्होंने कहा कि हर मैच में स्थिति बदल रही थी, लेकिन टीम उसके हिसाब से खुद को ढाल नहीं पाई। खराब फील्डिंग, ड्रॉप कैच और बड़ी पार्टनरशिप नहीं बनना हार की सबसे बड़ी वजह रही।
हर मैच में कंडीशंस अलग थीं- श्रेयस
श्रेयस ने कहा- इस पूरी सीरीज में हर मैच की कंडीशंस अलग थीं। हमें जल्दी समझकर उसी हिसाब से खेलना चाहिए था। प्रोफेशनल टीम होने के नाते हमें इसमें बेहतर करना होगा।
उन्होंने कहा- हमने आसान कैच छोड़ दिए। उसका नुकसान मैच में साफ दिखा। अगर इंग्लैंड 220-225 रन तक रुक जाता, तो हम मैच जीत सकते थे।
जल्दबाजी में विकेट गंवाए
श्रेयस ने कहा कि बल्लेबाज बड़ी पार्टनरशिप बनाने की जगह रन रेट के पीछे भागने लगे। उन्होंने कहा- हमें थोड़ा वक्त लेकर बैटिंग करनी चाहिए थी। सही बॉलर को टारगेट करना था, लेकिन हम लगातार विकेट गंवाते रहे। जोस बटलर ने कमाल की बैटिंग की। फिर हैरी ब्रूक के साथ उनकी पार्टनरशिप ने मैच पूरी तरह इंग्लैंड की तरफ कर दिया।
इंग्लैंड नंबर-1 बना
साउथैम्पटन में 56 रन से जीत के साथ इंग्लैंड ने सीरीज 4-0 से अपने नाम की। इसी जीत के बाद टीम ICC T20I रैंकिंग में भी नंबर-1 बन गई। प्लेयर ऑफ द सीरीज हैरी ब्रूक ने कहा- हमने बस हर बॉल के हिसाब से खेला। टीम में कम्युनिकेशन अच्छा रहा और हमने अपने प्लान सही तरीके से लागू किए। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड के स्पिनर्स ने भी पूरी सीरीज में अच्छी बॉलिंग की।
बटलर बोले- वापसी करके अच्छा लगा
131 रन की पारी खेलने वाले जोस बटलर ने कहा- कुछ समय से रन नहीं बन रहे थे। अब वापसी करके अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा- भारत जैसी टीम को 4-0 से हराना बड़ी बात है। इस सीरीज में हर प्लेयर्स ने टीम के लिए योगदान दिया।

