एशिया कप से बाहर होने पर अय्यर बोले- मेरा नसीब है: पिता ने कहा- श्रेयस किसी को कसूरवार नहीं मानता, हंसकर गम सह जाता है
Published:
3 min read

श्रेयस अय्यर ने अब तक 14 टेस्ट की 24 पारियों में 811 रन बनाए। इस दौरान 1 शतक और 5 फिफ्टी लगाईं। श्रेयस ने 70 टेस्ट और 51 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। (BCCI)
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। इसमें मिडिल ऑर्डर बैटर श्रेयस अय्यर को जगह नहीं मिली है। इसको लेकर उनके पिता संतोष अय्यर का बयान आया है। एशिया कप के लिए टीम में नाम नहीं आने पर श्रेयस का क्या रिएक्शन था? इसका खुलासा भी उनके पिता ने किया है।
संतोष ने कहा कि एशिया कप से बाहर होने के बाद उनकी श्रेयस से बात हुई थी। तब श्रेयस ने कहा था कि टीम में जगह नहीं मिली कोई बात नहीं। मेरा नसीब है। पिता ने कहा कि श्रेयस इसके लिए किसी को भी कसूरवार नहीं मानते हैं। वो हंसकर गम सह जाता है।
IPL में अपनी कप्तानी में KKR को खिताब जिताया
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में श्रेयस ने शानदार कप्तानी की है। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 2024 सीजन में खिताब जिताया। पंजाब किंग्स (PBKS) को अपनी कप्तानी में 2025 सीजन के फाइनल तक पहुंचाया। हालांकि यहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों शिकस्त मिली थी।
मिडिल ऑर्डर बैटर श्रेयस ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) की भी कप्तानी की है। उन्होंने इस टीम को IPL 2020 सीजन के फाइनल में पहुंचाया था। तब मुंबई इंडियंस (MI) से हार मिली थी।
कप्तान मत बनाओ, टीम में तो सिलेक्ट करो
श्रेयस के पिता संतोष ने TOI से कहा- “मुझे नहीं पता कि भारतीय टी20 टीम में आने के लिए श्रेयस को और क्या करना होगा। उसने IPL में हर साल शानदार प्रदर्शन करता आ रहा है। दिल्ली कैपिटल्स से कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के लिए बेस्ट परफॉर्मेंस दी, कप्तानी में भी।”
“उसने ना सिर्फ KKR को 2024 IPL खिताब जिताया है, बल्कि इस साल (2025 सीजन) पंजाब टीम को फाइनल तक पहुंचाया। मैं यह नहीं कह रहा कि उसे टीम इंडिया का कप्तान बना दो, लेकिन कम से कम टीम में सिलेक्ट तो करो।”
“मैं आपको बता दूं कि उसे टीम इंडिया से बाहर कर दें तब भी उसके चेहरे पर नाराजगी नहीं दिखेगी। वो बस यही कहता है- मेरा नसीब है। वह हमेशा शांत रहता है। वो किसी को कसूरवार नहीं ठहराता। अंदर से वह बहुत निराश जरूर रहेगा।”
श्रेयस का क्रिकेट करियर
श्रेयस ने अब तक 14 टेस्ट की 24 पारियों में 811 रन बनाए। इस दौरान 1 शतक और 5 फिफ्टी लगाईं। श्रेयस ने 70 टेस्ट और 51 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। उन्होंने वनडे में 5 शतक लगाकर 2845 रन बनाए।
T20I में श्रेयस ने 8 फिफ्टी लगाते हुए 1104 रन बनाए। श्रेयस ने आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच 3 दिसंबर 2023 को खेला था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में हुए इस मैच में उन्होंने 53 रन की पारी खेली थी।

