श्रेयस अय्यर की हेल्थ अपडेट: रिहैब के लिए बेंगलुरु पहुंचे, न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज खेलने की उम्मीद
Published:
2 min read

श्रेयस अय्यर 25 अक्टूबर 2025 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी वनडे में चोटिल हुए थे। उनकी पसली में गंभीर चोट लगी थी। (फोटो क्रेडिट - @BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क। मिडिल ऑर्डर बैटर श्रेयस अय्यर की चोट को लेकर अपडेट आया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हुए अय्यर अब रिकवरी कर रहे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की ODI सीरीज से करीब 17 दिन पहले उन्होंने बैटिंग फिर से शुरू कर दी है। वह रिहैब के लिए बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoA) पहुंच गए हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार अय्यर ने बिना किसी परेशानी के करीब एक घंटे तक बैटिंग प्रैक्टिस की। उन्हें अभी कोई दर्द नहीं हो रहा है। BCCI के एक अधिकारी ने बताया कि अय्यर की रिकवरी अच्छी चल रही है। अब उनकी वापसी मेडिकल टीम के फैसलों पर डिपेंड करेगी।
बेंगलुरु में 4 से छह दिन रहेंगे अय्यर
BCCI अधिकारी के मुताबिक श्रेयस बेंगलुरु में 4 से 6 दिन तक रह सकते हैं। इस दौरान उनकी फिटनेस और चोट की स्थिति को बारीकी से चेक किया जाएगा। अय्यर पहले ही जिम और फिटनेस ट्रेनिंग पर लौट चुके हैं। अब तक मेडिकल रिपोर्ट में कोई चिंता की बात सामने नहीं आई है।
विजय हजारे ट्रॉफी से करना चाहते हैं वापसी
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि श्रेयस विजय हजारे ट्रॉफी के जरिए क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं। डोमेस्टिक टूर्नामेंट में खेलने से उन्हें मैच फिटनेस हासिल करने में मदद मिल सकती है। हालांकि अखिरी फैसला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की मेडिकल टीम लेगी।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज में लगी थी चोट
श्रेयस अय्यर 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी वनडे में चोटिल हुए थे। फील्डिंग के दौरान उन्हें पसली में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद वह बैटिंग के लिए मैदान में नहीं उतर सके थे। इस चोट की वजह से उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज से बाहर रहना पड़ा।
न्यूजीलैंड सीरीज पर नजर
भारतीय टीम अपने घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे की सीरीज खेलेगी। पहला मैच 11 जनवरी को होगा। सीरीज के लिए टीम इंडिया की घोषणा 2 या 3 जनवरी के आसपास होने की उम्मीद है। श्रेयस अय्यर की उपलब्धता को लेकर स्थिति अभी भी साफ नहीं है। मौजूदा रिकवरी अपडेट्स से लगता है कि उनकी वापसी हो सकती है।

