श्रेयस अय्यर 3 हफ्ते क्रिकेट नहीं खेल पाएंगे: सिडनी वनडे के बीच में अस्पताल ले जाना पड़ा था; कैच लेते समय पसलियों में चोट लगी
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. श्रेयस अय्यर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। चोट के कारण उन्हें तीन हफ्ते क्रिकेट से दूर रहना होगा। बतौर वाइस कैप्टन श्रेयस ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली। तीसरा वनडे सिडनी में हुआ था। मैच में कैच लेते समय श्रेयस चोटिल हुए थे।
उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां उनका स्कैन कराया गया। यह जानकारी खुद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दी थी। अब खबर आ रही है कि श्रेयस करीब 3 हफ्ते क्रिकेट से दूर रहेंगे।
कैच पकड़ते समय लगी चोट
श्रेयस के साथ यह घटना पारी के 34वें ओवर की चौथी गेंद पर हुई। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने शॉट खेला और अय्यर बैकवर्ड प्वाइंट से गेंद को पकड़ने के लिए दौड़े थे। उन्होंने पीछे की तरफ भागते हुए डाइव लगाई और शानदार कैच पकड़ा।
इस दौरान वे बाईं तरफ गिर गए। इससे उनको पसलियों में दर्द महसूस हुआ। तुरंत मेडिकल टीम मैदान पर आई और इलाज के बाद स्टाफ मेम्बर के सहारे उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा।
वाइस कैप्टन को हेयरलाइन फ्रैक्चर
श्रेयस की चोट पर BCCI सूत्र ने अपडेट दिया। उन्होंने कहा- सिडनी मैच के दौरान ही श्रेयस को स्कैन के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया था। शुरुआती जांच के बाद पता चला है कि वे कम से कम 3 हफ्ते क्रिकेट से दूर रहेंगे। वापसी के लिए उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिपोर्ट करना होगा।
बाकी रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि उन्हें ठीक होने में और कितना समय लगेगा। उन्हें एक हेयरलाइन फ्रैक्चर है, जिसे ठीक होने में ज्यादा समय लग सकता है।
श्रेयस सिर्फ वनडे क्रिकेट में एक्टिव
श्रेयस ने टेस्ट फॉर्मेट से ब्रेक ले रखा है और टी-20 टीम में उन्हें चुना नहीं जाता। श्रेयस ने बताया कि पीठ की समस्या के कारण वे फिलहाल टेस्ट क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं। टेस्ट मैचों में लंबी फील्डिंग करनी पड़ती है, जिससे उनकी रिकवरी में परेशानी होती है। वहीं, वनडे फॉर्मेट में केवल ज्यादा से ज्यादा 50 ओवर ही फील्डिंग करनी होती है।

