श्रेयस अय्यर की हालत बेहद खराब थी: रिपोर्ट्स- ऑक्सीजन लेवल 50% गिरा, ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे; अब फिट हुए
Published: Updated:
2 min read

सिडनी वनडे के दौरान कैच लेते समय श्रेयस अय्यर को चोट लगी थी। सिडनी में ही उनका इलाज भी चला।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मैच के दौरान गंभीर चोट लगी थी। हालांकि वो अब ठीक हैं, लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलना मुश्किल है। अय्यर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। जब वो सिडनी हॉस्पिटल में एडमिट थे, तब अय्यर का ऑक्सीजन लेवल 50% तक गिर गया था।
इंडियन एक्सप्रेस ने BCCI सूत्र के हवाले से लिखा, उसे मैच के लिए पूरी तरह फिट होने में अभी वक्त लगेगा। भारतीय बोर्ड और सिलेक्शन कमेटी इस चोट के बाद जल्दबाजी नहीं करना चाहती। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलना भी मुश्किल है।
अय्यर ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे
सूत्र ने कहा- अय्यर का ऑक्सीजन लेवल 50% तक गिर गया था। दस मिनट के लिए वो ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। उसकी आंखों के आगे अंधेरा सा छा गया था। उसे नॉर्मल होने में कुछ समय लगा।
हालांकि अय्यर 1 नवंबर को ही हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो गए थे। वे कुछ दिन ऑस्ट्रेलिया में ही रुके। फिर डॉक्टर्स की सलाह के बाद इंडिया लौटे। अय्यर ने अपनी कुछ लेटेस्ट फोटो शेयर कीं, जिसमें पूरी तरह फिट दिख रहे हैं।
कैच लेते समय लगी थी चोट
अय्यर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी वनडे में पीछे की तरफ भागते हुए शानदार कैच पकड़ा था। इसी दौरान वे बुरी तरह गिरे और उनकी पसलियों में गंभीर चोट आई। उनकी स्कैन और मेडिकल रिपोर्ट्स से इंटरनल ब्लीडिंग का पता लगा। उन्हें ICU में भर्ती करके तुरंत इलाज किया गया था।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में श्रेयस ने 2 मैचों में 72 रन बनाए थे। इसी दौरान दूसरे वनडे में 61 रन की पारी भी खेली थी।
श्रेयस सिर्फ वनडे क्रिकेट में एक्टिव
श्रेयस ने टेस्ट फॉर्मेट से ब्रेक ले रखा है और टी-20 टीम में उन्हें चुना नहीं जाता। श्रेयस ने कुछ दिन पहले बताया था कि पीठ की समस्या के कारण वे फिलहाल टेस्ट क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं। टेस्ट मैचों में लंबी फील्डिंग करनी पड़ती है, जिससे उनकी रिकवरी में परेशानी होती है। वहीं, वनडे फॉर्मेट में केवल ज्यादा से ज्यादा 50 ओवर ही फील्डिंग करनी होती है।

