हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हुए श्रेयस अय्यर: BCCI ने जानकारी दी; कुछ दिन ऑस्ट्रेलिया में ही रहेंगे..अभी प्लेन में चढ़ने लायक कंडीशन नहीं
Published:
2 min read

अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी वनडे में एलेक्स कैरी का कैच लेते वक्त रिब केज यानी पसलियों में गंभीर चोट आई थी।
स्पोर्ट्स डेस्क: श्रेयस अय्यर हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो गए हैं। BCCI ने शनिवार को यह जानकारी दी। हालांकि, अय्यर अभी कुछ दिन ऑस्ट्रेलिया में ही रहेंगे। वे अभी मेडिकल निगरानी में रहेंगे। एक बार उनकी कंडीशन सही होगी, फिर वे भारत के लिए उड़ान भरेंगे। बता दें, अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में कैच लेते हुए गिर गए थे। इससे उन्हें गंभीर चोटें आई थीं।
इंटरनल ब्लीडिंग से मामला सीरियस हो गया था
श्रेयस ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में तीसरे वनडे में पीछे की तरफ भागते हुए कैच पकड़ा था। इसके बाद उनकी कोहनी और घुटना पसलियों से टकराया था। इसके बाद पसलियों में गंभीर चोट आई थी। उनकी स्कैन और मेडिकल रिपोर्ट्स से इंटरनल ब्लीडिंग का पता लगा। उन्हें ICU में भर्ती करके तुरंत इलाज किया गया।
भारत लौटने में अभी समय
इंडियन क्रिकेट बोर्ड का कहना है कि अय्यर अभी सिडनी में ही रहेंगे। वहां उनका फॉलो-अप ट्रीटमेंट चलता रहेगा। वे भारत तभी लौटेंगे, जब डॉक्टर्स उन्हें प्लेन में चढ़ने के लिए फिट मानेंगे।
ऐसा माना जा रहा है कि अय्यर को मैदान में भी वापसी करने में महीनों का समय लग सकता है। जाहिर है कि वनडे क्रिकेट में अय्यर टीम इंडिया के लिए वैल्यूबल प्लेयर हैं। वे मिडिल ऑर्डर में टीम को अच्छी-खासी मजबूती प्रदान करते हैं।
श्रेयस सिर्फ वनडे क्रिकेट में एक्टिव
श्रेयस ने टेस्ट फॉर्मेट से ब्रेक ले रखा है और टी-20 टीम में उन्हें चुना नहीं जाता। श्रेयस ने कुछ दिन पहले बताया था कि पीठ की समस्या के कारण वे फिलहाल टेस्ट क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं। टेस्ट मैचों में लंबी फील्डिंग करनी पड़ती है, जिससे उनकी रिकवरी में परेशानी होती है। वहीं, वनडे फॉर्मेट में केवल ज्यादा से ज्यादा 50 ओवर ही फील्डिंग करनी होती है।

