बतौर कप्तान डेब्यू मैच में श्रेयस को हार मिली: आयरलैंड से शिकस्त के बाद बोले- किसी टीम को हल्के में नहीं ले सकते; दूसरा मैच 28 जून को
Published:
2 min read

श्रेयस अय्यर पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं। उनकी पहली सीरीज आयरलैंड के खिलाफ है। पहले टी20 मैच में भारत को 34 रन से हार मिली।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए पहला मैच यादगार नहीं रहा। बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में आयरलैंड ने भारतीय टीम को 34 रन से हराया। ऐसे में दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। हार के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा कि क्रिकेट में किसी भी टीम को हल्के में नहीं लेना चाहिए।
सिर्फ मैदान में उतरने से मैच नहीं जीते जाते
मैच के बाद श्रेयस ने कहा- सिर्फ मैदान पर उतरने से मैच नहीं जीते जाते। हर मुकाबले में पूरी मेहनत और सही सोच के साथ खेलना पड़ता है। आप किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते। आपको हर पल मेहनत करनी होती है। जब भी सामने वाली टीम पर दबाव बनाने का मौका मिले, उसका पूरा फायदा उठाना चाहिए।
श्रेयस ने माना कि शुरुआत में टीम इंडिया ने अच्छी गेंदबाजी की थी, लेकिन बाद में प्लान के मुताबिक बॉलिंग नहीं हुई। जिस मैदान पर सीधे शॉट खेलना आसान था, वहीं भारतीय गेंदबाजों ने ज्यादा मौके दिए। कप्तान के मुताबिक- अगर आयरलैंड को 140 रन के आसपास रोक लिया जाता तो भारत के लिए टारगेट आसान होता।
उन्होंने आखिर में कहा- यहां की कंडीशन को समझने का अच्छा मौका मिला। हमें विकेट के बारे में काफी कुछ सीखने को मिला। कप्तान के तौर पर यह मेरे लिए एक नया एक्पीरियंस है और आगे इससे सीखकर बेहतर परफॉर्मेंस करने की कोशिश करेंगे।

सीरीज 1-1 से बराबर करने का मौका
अब भारत के सामने सीरीज बचाने की चुनौती है। अगर टीम इंडिया दूसरा टी 20 जीत जाती है तो सीरीज 1-1 से बराबर हो जाएगी। सीरीज का आखिरी यानी दूसरा टी20 मैच रविवार (28 जून) को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब (स्टॉर्मॉन्ट) मैदान पर खेला जाएगा।


