श्रेयस अय्यर को मिली कप्तानी: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में संभालेंगे इंडिया ए टीम की कमान; 16 सितंबर से पहला मैच
Published:
2 min read

मिडिल ऑर्डर बैटर श्रेयस अय्यर ने अब तक 14 टेस्ट, 70 वनडे और 51 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। (Instagram)
स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप से बाहर होने के बाद श्रेयस अय्यर के लिए अच्छी खबर सामने आई है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया ए टीम के खिलाफ सीरीज के लिए इंडिया ए टीम की कप्तानी मिली है। इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच 2 मैचों की सीरीज खेली जानी है। पहला मुकाबला 16 सितंबर से होगा।
यह एक टेस्ट सीरीज है, जिसमें 4 दिवसीय मैच होने हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि टीम का सिलेक्श सीनियर मेन्स सिलेक्शन कमेटी ने किया है।
दूसरे मैच से जुड़ेंगे राहुल और सिराज
इस सीरीज के लिए विकेटकीपर बैटर ध्रुव जुरेल को उपकप्तान बनाया गया है। स्क्वॉड में दूसरे विकेटकीपर एन जगदीसन हैं। अभिमन्यु ईश्वरन, साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल को भी जगह मिली है। केएल राहुल और मोहम्मद सिराज पहले मैच से बाहर रहेंगे। दोनों की दूसरे मुकाबले में एंट्री होगी। सिराज और राहुल भी एशिया कप से बाहर हैं।
सीरीज का पहला मुकाबला 16 सितंबर से लखनऊ में खेला जाएगा। जबकि दूसरा मैच 23 सितंबर से होगा। यह मुकाबला भी लखनऊ में ही होगा। दोनों मुकाबले सुबह 9:30 बजे से शुरू होंगे।
3 वनडे मैचों की सीरीज भी खेली जाएगी
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जानी है। इसके लिए अभी टीम का ऐलान नहीं हुआ है। सीरीज के तीनों वनडे कानपुर में होंगे। यह मुकाबले 30 सितंबर, 3 अक्टूबर और 5 अक्टूबर को होंगे।
दो चार दिवसीय मैचों के लिए भारतीय ए टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, एन जगदीसन (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (उपकप्तान और विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, हर्ष दुबे, आयुष बडोनी, नीतीश कुमार रेड्डी, तनुष कोटियन, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, खलील अहमद, मानव सुथार और यश ठाकुर।

